ऐप पर मिलेगी राज्यों के त्योहारों की जानकारी

 

बेंगलुरू। हिंदी, बांग्ला, तेलुगू, असमिया, मराठी और तमिल समेत 11 भारतीय भाषाओं में एक ऐसा ऐप तैयार किया गया है जिसके माध्यम से सभी राज्यों के हिंदू त्योहारों, शुभ अवसरों की जानकारी के साथ पूरा पंचांग उपलब्ध होगा।रेवरी लैंग्वेज टेक्नोलॉजीज ने यह इंडिक कैलेंडर ऐप तैयार किया है जो गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है।कंपनी ने एक विज्ञप्ति में बताया कि ऐप को भारतीय भाषाओं और देश के सांस्कृतिक तथा धार्मिक जुड़ाव को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है । यह 11 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है जिनमें हिंदी, बंगाली, तेलुगू, असमिया, मराठी, तमिल, गुजराती, कन्नड, मलयालम, उडिय़ा और पंजाबी हैं।इसमें बताया गया कि इंडिक कैलेंडर ऐप में चंद्र कैलेंडर को भी जोड़ा गया है जिससे 29 राज्यों के हिंदू त्योहारों से संबंधित शुभ अवसरों की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। यह कैलेंडर पंचांगों के आधार पर तिथि, नक्षत्र और राशि की जानकारी मुहैया कराता है। साथ में, निश्चित दिन के लिए सूर्योदय और सूर्यास्त का भी समय बताता है।कंपनी के सीईओ और सह-संस्थापक अरविंद पानई के हवाले से विज्ञप्ति में बताया गया कि इस ऐप के जरिए कभी भी, कहीं भी पंचाग की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। कैलेंडर उन लोगों को ध्यान में रखकर बनाया गया है जो जगन्नाथ पुरी में रथ यात्रा के लिए या ओणम, अक्षयत्री, दीवाली, बिहू तथा अन्य भारतीय त्योहारों और शुभ दिनों की तारीखों का पता पहले ही लगाना चाहते हैं।