पुष्पांजलि में कांग्रेसियों ने पंडित नेहरू को किया याद

 

लखनऊ। आधुनिक भारत के महान शिल्पी-पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न पं0 जवाहर लाल नेहरू जी की जयन्ती के अवसर पर आज यहां उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय नेहरूभवन 10 माल एवेन्यू लखनऊ में उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी के संरक्षक मण्डल एवं पूर्व मंत्री श्री रामकृष्ण द्विवेदी की अध्यक्षता में पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री एवं प्रवक्ता अरूण प्रकाश सिंह ने बताया कि इस अवसर पर भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं0 जवाहर लाल नेहरू के चित्र पर पुष्पांजलि के उपरान्त उपस्थित कांग्रेसजनों को सम्बोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस के संरक्षक मण्डल एवं पूर्व मंत्री श्री रामकृष्ण द्विवेदी ने कहा कि पं0 नेहरू युगदृष्टा थे। पं0 नेहरू ने आजादी के बाद भारत को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जो योगदान दिया उसे कभी भी विस्मृत नहीं किया जा सकता है। पंचशील सिद्धान्त का प्रतिपादन करके पं0 नेहरू ने एक तरफ जहां विश्व में मैत्री का संदेश दिया वहीं दो ध्रुवों में बंटी हुई दुनिया को गुटनिरपेक्षता का सिद्धान्त दिया। यह पं0 नेहरू की ही सोच थी कि जब पूरी दुनिया अपना बजट हथियारों पर खर्च कर रही थी उस समय पं0 नेहरू ने सीमित संसाधनों के बावजूद देश के किसानों के लिए भाखड़ा नांगल बांध, देश के नौजवानों एवं छात्रों के लिए बड़े शिक्षण संस्थान तथा वैज्ञानिकों के लिए सीएसआईआर जैसे प्रसिद्ध तकनीकी संस्थानों की स्थापना की। पं0 नेहरू ने पंचवर्षीय येाजना बनाकर देश को योजना आयोग जैसा संस्थान दिया जिससे भारत के सतत विकास को नये पंख लगे। उन्होने कहा कि आज के राजनीतिक परिवेश में पं0 नेहरू के विचार और आदर्श प्रासंगिक है और हम सभी को पं0 नेहरू के बताये रास्ते पर चलने की आवश्यकता है।