पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता गुरुदास कामत का निधन

मुबंई। पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुरुदास कामत का बुधवार को 63 साल की उम्र में निधन हो गया। गुरुदास कामत ने दिल्ली के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। वहीं, कामत के निधन के बाद यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी अस्पताल पहुंची हैं। कामत 2009 में उत्तर-पश्चिम मुंबई संसदीय सीट से लोकसभा सदस्य रहे। वह 1984, 1991, 1998 और 2004 में भी उत्तर-पूर्व मुंबई संसदीय सीट से चुनकर लोकसभा पहुंचे थे। वह 2009 से 2011 तक केंद्रीय गृह राज्य मंत्री रहे। उनके पास संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार भी था। जुलाई, 2011 में उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। वह मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस समिति के अध्यक्ष भी रहे। पेशे से वकील कामत ने मुंबई के आर ए पोद्दार कॉलेज से स्नातक और सरकारी विधि कॉलेज से कानून की पढ़ाई की थी।