योगी का एक साल: किसानों के लिए मिट्टी फ्री

 

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को भाजपा सरकार का एक साल पूरा होने पर यहां बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों के लिए मिट्टी को रॉयल्टी फ्री कर दिया गया है। अब कहीं भी सिपाही और राजस्व कर्मी उनकी चेकिंग एवं वसूली आदि नहीं कर सकेंगे। ऐसा करते हुए पाए जाने पर ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी। सीएम ने यह भी कहा कि जो ईंट भ_ा मालिक ईंट के दाम कम करेंगे, उन्हें भी मिट्टी पर रॉयल्टी मिलेगी। सीएम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़े अभियान के तहत एक पोर्टल लांच किया। इसमें कोई भी व्यक्ति वीडिओ-आडियो भेज कर शिकायत कर सकता है। उसकी पहचान गुप्त रखी जायेगी। उन्होंने 64 सरकारी विभागों में खाली पड़े 4 लाख पदों पर इसी साल भर्ती किये जाने की भी घोषणा की।
पूर्व सरकारों की अराजकता खत्म की : सीएम ने कहा कि ‘एक साल नई मिसाल’ के माध्यम से विकास की शुरुआत की है और यह कम समय में किया है। भ्रष्टाचार, गुंडाराज और अराजकता की पूर्व की सरकारों का अनैतिक कार्य हमने खत्म किया है। हमारी सरकार ने लोक कल्याण संकल्प पत्र प्रस्तुत किया था, जिसके द्वारा आम जनता के हितों की योजनाओं को आम जन तक पहुंचाने का कार्य किया। यूपी में परिवारवाद, जातिवाद, मत और मजहब के आधार पर समाज को बांटने वाली विघटनकारी शक्तियां राज करती रहीं, लेकिन आज गांव, गरीब, किसान, दलित और वंचित समाज के अंतिम पंक्ति पर खड़ा हुआ व्यक्ति भी यूपी में हमारे एजेंडे का हिस्सा है।
अपराध और पाप की लंका को जलाने से पीछे नहीं हटेंगे : उन्होंने कहा, किसानों की आय दोगुना करने के लिए लघु एवं सीमांत किसानों के एक लाख तक के कर्जे को माफ कर दिया गया। फसल ऋण मोचन से लेकर धान क्रय और गन्ना सहित तमाम किसानों के मुद्दों को जोड़ेंगे तो 80,000 करोड़ रुपए तक की धनराशि किसानों के खातों में भेजने का कार्य किया है। हमारी सरकार ने समूह ग और घ की सभी भर्तियों में इंटरव्यू की व्यवस्था खत्म कर दी। जिस प्रदेश में हर सप्ताह दो दंगे हुआ करते थे, अब उसी प्रदेश में विकास और कानून व्यवस्था का राज कायम हो रहा है। इसलिए बंदरों से बहुत डर लगता है तो मैं यह कहना चाहूंगा कि यह बंदर अपराध और पाप की लंका को जलाने में कहीं से पीछे नहीं रहेगा।
हमारी सरकार ने 11 लाख आवास गरीबों को उपलब्ध कराने की व्यवस्था की। 33 हजार करोड़ रुपए की मेट्रो परियोजनाओं की सरकार शुरुआत करने जा रही है।