अखिलेश का योगी पर वार: अपराधी कर रहे हैं पुलिस पर हमला

 

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति दिन प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। भाजपा सरकार इस पर नियंत्रण पाने में असफल साबित हो गई है। न तो उसके दावे के मुताबिक अपराधी प्रदेश के बाहर गए हैं और नहीं उन पर पुलिस का षिकंजा कसा जा सका है। उल्टे अपराधी पुलिस पर हमला कर रहे हैं। अपनी हताशा में विपक्ष की आवाज दबाने के लिए भाजपा सरकार यूपीकोका का नया शिगूफा उछाल रही है। भाजपा राज में कोई दिन ऐसा नही जाता है जब राजधानी सहित प्रदेश के अन्य भागों में लूट, हत्या, अपहरण और बलात्कार की घटनाएं न घटती हों। पुलिस तंत्र की निष्क्रियता का हाल यह है कि पूर्व केन्द्रीय मंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन के हाथरस जनपद में पैतृक गांव बहरदोई (सादाबाद) स्थित आवास में चोरी हो गई। पुलिस की गश्त, अपराधियों में भय जैसी कोई चीज दूर-दूर तक नहीं दिखाई दी। मुख्यमंत्री जी के कानून व्यवस्था में सुधार के दावों की पोल खोलती वे कई घटनाएं भी हैं जो स्वयं भाजपा नेताओं और विधायकों के साथ घटी हैं। प्रतापगढ़ में भाजपा विधायक के घर में चोरी हो गई। मंदिर से कीमती मूर्तियां चोरी हो गईं। बुलन्दशहर में भाजपा नेता के घर चोरी हो गई। सोनभद्र में भाजपा विधायक की कार चोरी हो गई। आखिर राज्य में किसकी सरकार है? इस सरकार में किसी की इज्जत या जान माल सुरक्षित नहीं है। महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा पर खतरा है।प्रदेश में जब ऐसे बुरे हालात हों तो भाजपा सरकार किस मुंह से ढ़ाई लाख करोड़ के निवेश का दावा कर सकती है। कोई भी प्रतिष्ठित औद्योगिक घराना यहां असुरक्षा के महौल में अपना उद्योग नहीं लगाएगा। यहां तो ब्यूरोक्रेसी के कुचक्र के साथ अपराधियों द्वारा रंगदारी मांगने की घटनाएं भी आम हैं। इन पर रोक लगाने में प्रशासन पूर्णतया विफल रहा है। भाजपा की सरकार केन्द्र में हो या राज्य में अब तक जनहित का कोई काम नहीं कर सकी हैं। जनता उनके झूठे वादों से तंग आ चुकी है। मंहगाई, नोटबंदी और जीएसटी ने लोगों की कमर तोड़ दी है। अब बस सन् 2019 की ही लोगों को प्रतीक्षा हैं जब वह अपने उत्पीडऩ का हिसाब किताब करेगी।