अखिलेश का वादा: सरकार बनीं तो अधूरे काम होंगे पूरे

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर पिछले अधूरे सभी विकासकार्य पूरे किए जाएंगे। जो छुट्टियां भाजपा सरकार ने रद्द कर दी हैं उन्हें पुन: यथावत रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का न तो महापुरूषों के प्रति सम्मान भाव है और नहीं विकासकार्यों में रूचि है। भाजपा-आरएसएस समाज को जोडऩे नहीं तोडऩे की राजनीति पर काम करते हैं। प्रदेश की सत्ता में किसी तरह वे आ तो गए किन्तु जनहित की एक भी योजना वे लागू नहीं कर सके। प्रगति के लिए सडक़, बिजली, पानी का महत्व भी भाजपाई नहीं समझते हैं। सन् 2022 में भाजपा सरकार का हिसाब किताब लिया जाएगा। श्री यादव से आज पार्टी मुख्यालय में घाटमपुर कानपुर के ब्राह्मण समाज के लोगों ने भेंट की और समाजवादी पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया। समाजवादी पार्टी की नीतियों पर आस्था जताते हुए महाराजपुर विधानसभा कानपुर अंतर्गत गांधीग्राम की पार्शद श्रीमती विजयलक्ष्मी यादव, पूर्व पार्षद श्री मनोज यादव, युवा व्यापार मण्डल के अध्यक्ष श्री विजय कुमार जैन, महासचिव फलमण्डी समिति श्री लवकुश पासवान तथा कानपुर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री सुखवीर सिंह मलिक ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली।