अखिलेश कि हिदायत: प्रदेश में कानून व्यवस्था खराब करने की इजाजत किसी को नही

cm

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अयोध्या में मन्दिर निर्माण के लिए पत्थर लाए जाने के सम्बन्ध में मीडिया में आई खबरों को संज्ञान में लेकर प्रदेश के मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिव गृह को प्रदेश में आपसी भाईचारा तथा साम्प्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को खराब करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अयोध्या का मामला उच्चतम न्यायालय में विचाराधीन है। राज्य सरकार उच्चतम न्यायालय के आदेश का अक्षरश: पालन कराएगी। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव तथा प्रमुख सचिव गृह को इन निर्देशों से सम्बन्धित अधिकारियों को स्पष्ट रूप से अवगत कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने इस मामले को दृष्टिगत रखते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था को बनाए रखने व अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर पूरी निगरानी रखने के साथ-साथ पूरी सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए हैं।