अबकी ऑनलाइन करिये दुर्गा पूजा

डेस्क। मां दुर्गा की पूजा-आराधना का महापर्व इस बार सादगी के साथ मनाया जाएगा। शारदीय नवरात्र आश्विन शुक्ल प्रतिपदा से शुरू होकर नवमी तक चलता है। बंगाल की संस्कृति में रची बसी ये पूजा लखनऊ की तहजीब से जुड़ी हुई है। इस बार कोरोना महामारी की वजह से योगी सरकार ने सार्वजनिक रूप से दुर्गा पूजा कराने की अनुमति नहीं दी, लेकिन दुर्गा पूजा समिति तकनीक के सहारे अधिकतर भक्तों को दुर्गा मां के दर्शन कराने की ही व्यवस्था कर रही है।निरालानगर स्थित राम कृष्ण मठ में दुर्गा पूजा का लाइव प्रसारण यूटयूब चैनल पर किया जाएगा। मंदिर में गाइडलाइन का पालन करते हुए भक्तों कि भीड़ जमा नहीं की जाएगी। स्वामी मुक्तिनाथानंद ने बताया कि भक्तों के लिए लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा मां दुर्गा का पंडाल सुंदर तरीके से सजाया जाएगा। अलीगंज चन्द्रशेखर आज़ाद पार्क में ट्रांस गोमती दशहरा दुर्गा पूजा समिति की ओर से दुर्गा पूजा सीमित लोगों के साथ होगी। छह दिन की पूजा में गाइडलाइन का पूरा ध्यान रखा जाएगा। समिति के मीडिया सचिव तुहिन बनर्जी ने बताया कि हम लोग ऑनलाइन दर्शन के लिए फेसबुक पर वीडियो अपलोड करेंगे, जिससे भक्त ऑनलाइन दर्शन कर सकेंगे। इसके अलावा लाइव प्रसारण करने का प्रयास किया जा रहा है। शाश्वत क्लब की ओर से विकासनगर के शाश्वत पार्क में भव्य तरीके से आयोजित होनी वाली दुर्गा पूजा इस बार कम लोगों के साथ होगी। क्लब के सचिव सुमित भौमिक ने बताया कि इस बार ग्रामीण परिवेश की थीम पर दुर्गा पूजा होगी। सरकारी गाइडलाइन का पालन करते हुए तीन से चार फुट की दुर्गा मां की मूर्ति बिना शृंगार के होगी। भक्तों के लिए पूजा को ऑनलाइन भी किया जाएगा। जिसके लिए तकनीकी तौर पर कार्य किया जा रहा है।
दुर्गा पूजा विसर्जन समिति के अध्यक्ष रूपेश मंगल ने बताया कि शहर में पंजीकृत दुर्गा पूजा 90 के करीब होती है, इसके अलावा 30-40 जगह पर भी दुर्गा पूजा होती है। करीब 125 दुर्गा पूजा पूरे शहर में होती है। इस बार ज़्यादातर समिति ऑनलाइन पूजा करने की व्यवस्था कर रहा है। सीमित लोगों के साथ दुर्गा पूजा कॉविड गाइडलाइन को ध्यान में रखकर होगी। सुबह शाम सैनिटाइजर होगा। सभी को मास्क पहनना अनिवार्य होगा।