अमित शाह बने रहेंगे भाजपा अध्यक्ष

amit shah1

नई दिल्‍ली। भारतीय जनता पार्टी के मौजूदा अध्यक्ष अमित शाह का फिर से पार्टी अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार अमित शाह के फिर से अध्यक्ष बनने तक पार्टी और सरकार में कुछ संभावित बदलाव फिलहाल रुके हुए हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार मोदी कैबिनेट में बदलाव होने की पूरी संभावना है। पार्टी के संगठनात्‍मक चुनाव के बाद कैबिनेट में फेरबदल को अंजाम दिया जा सकता है। इस साल पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, इसके चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के कामकाज को लोगों तक पहुंचाने में लगे रहेंगे। अपनी सरकार के लिए नए चेहरों की तलाश पर भी नजर है। बताया जा रहा है कि चार प्रमुख मंत्रालयों- गृह, वित्त, रक्षा और विदेश में कोई बदलाव की संभावना नहीं है। कहा जा रहा है कि बिहार चुनाव में मिली हार के बाद पीएम मोदी राज्य से मंत्रियों की संख्या कम कर सकते हैं। यह भी कहा जा रहा है कि कुछ मंत्रियों के विभाग में फेरबदल किया जा सकता है। सूत्रों की मानें तो यह सब बदलाव अमित शाह के फिर से चुने जाने के बाद ही किए जाएंगे। अमित शाह का चुनाव सर्वसम्मति से होने की उम्मीद है। पार्टी के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का कहना है कि जिस प्रकार से उन्होंने काम किया है, सभी चाहते हैं कि वे फिर से उध्यक्ष बनें। सूत्रों के मुताबिक वर्ष 2019 के चुनाव ते भाजपा की कमान मौजूदा अध्यक्ष अमित शाह के ही हाथ में रहेगी।

बता दें कि जनवरी तक 18 राज्यों में चुनाव पूरे हो जाएंगे और राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव का रास्ता भी साफ हो जाएगा। भाजपा के संविधान के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले 50 फीसदी राज्यों में चुनाव होना जरूरी है। गौर हो कि अमित शाह फिलहाल राजनाथ सिंह के तीन साल के अध्यक्ष पद के कार्यकाल को संभाल रहे हैं। यह कार्यकाल 23 जनवरी को पूरा हो रहा है। इस महीने के अंत में भाजपा अध्यक्ष का चुनाव होना है।