उत्तर भारत में मानसून का आगाज: असम में बाढ़

नई दिल्ली। उत्तर भारतीय राज्यों में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब छाने लगा है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड को पूरी तरह से कवर कर लिया है। वहीं, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में बुधवार को मानसूनी बारिश हुई। भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि राजस्थान के कुछ और हिस्सों, उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों, हरियाणा और पंजाब के अधिकांश हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान मानसून के आगे बढऩे और बारिश की परिस्थितियां अनुकूल हैं।
वहीं, असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है और अब तक 38,000 लोग इससे प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की प्रतिदिन की रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में बाढ़ में एक और व्यक्ति की मौत हो जाने के साथ कुल मृतक संख्या बढ़ कर 12 हो गई। राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार मानसून पहुंचने के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय मोहपात्रा ने कहा कि दिल्ली में मानसून ने दस्तक दे दी है और कुछ स्थानों पर बारिश हुई। पूर्वानुमान के अनुसार शहर में मानसून के आगमन की घोषणा गुरुवार को होगी। दिल्ली के मौसम और बारिश का प्रतिनिधि माने जाने वाले सफदरजंग वेधशाला के आंकड़ों के मुताबिक यहां 14.6 मिमी बारिश दर्ज की और अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा।