कोरोना मीटर: 24 घंटे में 10 हजार मामले, ढाई लाख का आंकड़ा

नई दिल्ली। देश में कई दिनों से लागू लॉकडाउन के बावजूद भी कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। मरीजों की संख्या ढाई लाख के करीब पहुंच गई है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के तकरीबन दस हजार नए मामले सामने आए हैं। वहीं, मृतकों की संख्या भी सात हजार पहुंचने वाली है।स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, कोरोना मरीजों की संख्या बढक़र 246628 हो गई है। पिछले एक दिन में 9971 नए मामले सामने आए। वहीं, संक्रमण के चलते अब तक 6929 लोगों की मौत हुई है।महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 82968 हो गई है। इसमें से 42609 मरीज सक्रिय हैं। वहीं अब तक 2969 की मौत हुई है। मध्य प्रदेश में 9228 कोरोना के मरीज हैं। राज्य में 399 लोगों की जान गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना मरीजों की संख्या 27654 हो गई है, जिसमें से 16229 मरीज सक्रिय हैं और उनका इलाज जारी है। दिल्ली में अब तक 761 लोगों की जान गई है।तमिलनाडु में कोरोना मरीजों का आंकड़ा तीस हजार को पार करके 30152 पहुंच गया है। इसमें से 13506 सक्रिय मरीज हैं और 251 लोगों की जान गई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में कोरोना के 9733 मरीज हैं, जिसमें से 257 की मौत हो चुकी है।आपको बता दें कि शनिवार को दुनियाभर में कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित देशों की फेहरिस्त में इटली को पछाड़ते हुए भारत अब छठवें स्थान पर पहुंच गया है। अमेरिका की जॉन्स हॉपकिंस विश्वविद्यालय के आंकड़ों के मुताबिक कोरोना संक्रमण के मामले में भारत से आगे अब केवल पांच देश-अमेरिका, ब्राजील, रूस, स्पेन और ब्रिटेन हैं। खास बात यह कि देश में लगातार तीन दिन से रोजाना मिलने वाले कोरोना संक्रमितों की संख्या 9000 से ज्यादा है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार मृतकों में 70 फीसदी वैसे लोग हैं जो पहले से ही अन्य बीमारियों से पीडि़त थे।