गैस सिलेंडर फटने से 12 की मौत

मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के वलीदपुर में सोमवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। नाश्ता बनाते समय रसोई गैस सिलेंडर फटने से दो मंजिला मकान जमींदोज हो गया। इससे 12 लोगों की मौत हो गई। 30 लोग घायल हैं। आधा दर्जन लोग गंभीर बताये जा रहे हैं। विस्फोट से आस पास के कई मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कुछ घायलों को आज़मगढ़ भेजा गया है। जेसीबी से मलबा हटाकर दबे लोगों को खोजा जा रहा है। आला अधिकारियों की देख रेख में बचाव और राहत का काम चल रहा है। सीएम योगी ने भी अधिकारियों को कई निर्देश दिए हैं।
बताया जाता है कि वलीदपुर निवासी छोटू बढ़ई के घर सुबह करीब साढ़े सात बजे महिलाएं चाय व नाश्ता बना रही थीं। इसी दौरान गैस रिसाव से सिलेंडर में आग लग गई। इससे पहले की कुछ किया जा सकता सिलेंडर में विस्फोट हो गया। विस्फोट की आवाज पर आसपास के लोग मौके की तरफ भागे। मकान के अंदर जाने की लोग कोशिश कर ही रहे थे कि पूरा मकान भरभरा कर गिर गया। मकान गिरते ही अफरातफरी मच गई। चीख पुकार के बीच किसी तरह मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश शुरू हुई। आला अधिकारियों के साथ एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड भी पहुंच गई। लोगों को मलबे से निकाल निकाल कर अस्पताल भेजा गया। बताया जाता है कि सात लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पांच लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।