चर्चा में है रायसीना की दाल: पकने की कगार पर

नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी अपने दूसरे कार्यकाल के लिए आज शाम 7 बजे प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। राष्ट्रपति भवन में होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह में 5 हजार से 6 हजार गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। इस आयोजन को ताम-झाम से दूर, सरल और सादा रखने की कोशिश की गई है। इस समारोह में भोजन की व्यवस्था को भी साधारण ही रखा गया है। हाई टी के साथ मेहमानों को वेजिटेरियन डिशेज परोसे जाएंगे जिसमें हम भारतीयों के फेवरिट समोसे के अलावा, पनीर टिक्का, राजभोग और लेमन टार्ट की भी व्यवस्था की गई है। इसके अलावा रात 9 बजे खाने की व्यवस्था की गई है जिसमें वेजिटेरियन और नॉन वेजिटेरियन डिशेज परोसे जाएंगे। वेजिटेरियन खाने की खास डिश होगी दाल रायसीना जिसे मेहमानों को सर्व किया जाएगा।
दरअसल, राष्ट्रपति भवन के किचन की स्पेशिऐलिटी है दाल रायसीना जिसे पकने में 48 घंटे का समय लगता है और यही वजह है कि इस दाल को बनाने की तैयारी मंगलवार रात से ही हो रही है। इस दाल को बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों को खासतौर पर लखनऊ से मंगवाया गया है।