छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रेसीडेंट बने विष्णु देव: दो बार रह चुके हैं

रायपुर। बीजेपी ने मंगलवार को कई राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बदले हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णु देव साय को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है। केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने की चर्चा विधानसभा चुनाव के बाद से ही चल रही थी। साय मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में मंत्री भी रहे हैं। 2019 में वह चुनावी मैदान में नहीं उतरे थे। विष्णु देव साय के नाम पर मुहर लगने के बाद पार्टी महासचिव अरुण सिंह ने उनके नाम की घोषणा की है। साय संघ के भी करीबी हैं। इससे पहले भी वह छत्तीसगढ़ बीजेपी के 2 बार प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। उनकी निष्ठा को देखते हुए पार्टी ने तीसरी बार विधानसभा चुनाव तक के लिए जिम्मेदारी सौंपी है। छत्तीसगढ़ में साय की छवि एक बेदाग नेता के रूप में है।