झटके पर झटका: अब निकाय चुनाव में भी हारी भाजपा

Congress-BJP

भोपाल। मध्य प्रदेश में नगरीय निकायों के चुनावों में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। आठ नगरीय चुनावों में से पांच स्थानों पर कांग्रेस और तीन स्थानों पर सत्ताधारी भाजपा को जीत मिली है। जबकि पिछली बार आठ स्थानों में से सात पर भाजपा के प्रत्याशियों को जीत मिली थी। यानी कांग्रेस ने मुख्यमंत्री शिवराज चौहान को बड़ा झटका देते हुए भाजपा से चार नगरीय निकाय छीन लिए हैं। मध्य प्रदेश में विभिन्न नगरीय निकायों के लिए निर्वाचन हुए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर की सीहोर नगर पालिका और शाहगंज नगर परिषद में भाजपा ने जीत दर्ज की है। इसके अलावा मंदसौर नगर पालिका पर भाजपा का कब्जा बरकरार रहा है। वहीं, रतलाम लोकसभा उपचुनाव के बाद कांग्रेस ने एक बार फिर जोरदार वापसी करते हुए शाजापुर नगर पालिका के अलावा भेड़ाघाट, ओरछा, रतलाम जिले की धामनोद और सीधी जिले की मझौली में जीत का परचम लहराया है।