झूठी नौटंकी दिखाकर जनता को भ्रमित करना चाहती है बीजेपी और कांग्रेस: चौधरी

Rajendra-Chaudhry

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्त राजेन्द्र चौधरी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अपनी जमीन खोने से परेशान भाजपा और कांग्रेस अपनी कुंठा मेें विरोध की झूठी नौटंकी दिखाकर जनता को भ्रमित करना चाहती है। ये दोनो पार्टियॉ गलतफहमियों में जी रही है। प्रदेश में समाजवादी सरकार जिस तेजी से विकास कार्यो को अमली जामा पहना रही है, उससे समाज का हर वर्ग लाभान्वित है और उसका भरोसा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर बढ़ता ही जा रहा है।
उन्होंने कहा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जब भी बोलते हैं पुराने बयान दुहराने लगते हैं। उनके पास कहने सुनने को कुछ भी नया नही होता है। बयान भी ऐसे देते हैं जिनका सिर पैर नही होता है। पता नही कहां से उन्हें कानून व्यवस्था के बारे में गलत जानकारियां मिलती है। सच्चाई तो यह है कि प्रदेश में अपराधों का ग्राफ गिरा है और अपराधियों के खिलाफ तत्काल कार्यवाही के लिए पुलिस बल को अत्याधुनिक तथा साधन सम्पन्न बनाया गया है। प्रदेश का पुलिस बल हाईटेक है। उसका संख्याबल बढ़ाने के लिए नई भर्तियां होने जा रही है।
चौधरी ने कहा प्रदेश में 100 नंबर डायल करते ही जल्द मदद मिलना सुनिश्चत किया जा रहा है। 1090 वूमेन पावर लाइन सेवा की प्रशंसा सभी करते हैं। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के संबन्ध में प्रशासन सतर्क है। मुख्यमंत्री जी का स्पष्ट निर्देश है कि अपराधी के प्रति कठोर कार्यवाही हो लेकिन कोई निर्दोष व्यर्थ प्रताडऩा का शिकार न हो।
जहां तक कांग्रेस का सवाल है वह सद्भाव बढ़ाओं अभाव मिटाओं पदयात्रा किस मुद्दे को लेकर और क्यों चला रही है स्पष्ट नही है। प्रदेश में सद्भाव और सामाजिक सौहार्द है और शांति व्यवस्था कायम है। कांग्रेस राज्य सरकार और केन्द्र सरकार दोनों के मुद्दे गड्डमड्ड कर पदयात्रा का दिखावा भर कर रही है, क्योंकि उसे जनसमर्थन नही मिल रहा है। उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में परिवर्तन और विकास की नई दिशा में तेजी से चल रहा है। उनके नेतृत्व में यह प्रदेश शीघ्र ही आदर्श प्रदेश बनेगा। अभी भी जितनी जनहित की योजनांए समाजवादी सरकार ने चलाई हैं दूसरे राज्य उनका अनुशरण करने की कोशिश मेंं लगे है। चुनावी वादे पूरे करने में उन्होंने रिकार्ड बनाया है। उनके कार्यो पर उंगली उठाने वालों को जनता खुद ही उचित जवाब देगी।