झूठ के सहारे अपनी राजनीति चला रही भाजपा: चौधरी

Rajendra-Chaudhryलखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि अब यह बात दिन के उजाले की तरह साफ होती जा रही है कि भाजपा झूठ के सहारे अपनी राजनीति चलाती है। पिछले दिनों अफवाहें फैलाकर उसने देश-प्रदेश में अशांति और अराजकता फैलाने का काम किया था।
चौधरी ने कहा कि उसकी अफवाहबाजी का शिकार दादरी में एक मुस्लिम परिवार हुआ। कई जगह और भी हालात बिगाडऩे की नापाक कोशिश हुई। समाजवादी सरकार और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सांप्रदायिक ताकतों को शिकस्त देने के लिए कड़ी प्रशासनिक कार्यवाही के आदेश दिये, जिसके फलस्वरुप उनकी प्रदेश में अशांति फैलाने की साजिशें सफल नही हो सकी। उन्होंने कहा अब तो यह बात प्रकाश में आ चुकी है कि भारतीय जनता पार्टी मीट निर्यातक कंपनियों से वर्ष 2013-2014 में 250 करोड़ रुपये का दान स्वीकार कर चुकी है। मुजफ्फरनगर कांड में संलिप्त एक भाजपा नेता भी एक निर्यातक कंपनी से जुड़े थे। स्मरणीय है कि बिहार चुनाव में भी बीफ एक मुद्दा बना था और सांप्रदायिक जहर फैलाने की साजिश हुई थी। भाजपा की गोभक्ति की इस दोहरे आचरण से कलई खुल गई है। भाजपा की कथनी और करनी में जहां इतना अंतर दिखाई देता है वही उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और समाजवादी सरकार ने गोवंश की रक्षा की दिशा में प्रभावी कदम उठांए हैं। मुख्यमंत्री जी स्वयं गोपालक है। उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा दुग्ध उत्पादन होता है। यह पूरे देश में पहले स्थान पर है। राज्य सरकार ने डेयरी उद्योग को बढ़ावा दिया है। राज्य के हर मण्डल में 100 करोड़ रुपये की लागत से डेयरी प्लांट स्थापित करने का काम जनवरी माह तक पूरा कर लिया जायेगा। कामधेनु योजना हेतु वर्श 2015-16 के बजट में 50 करोड़ रुपये रखे गये है।