तिरंगे को देख जब भाव विभोर हो गये मुलायम

cm22novलखनऊ। राजधानी के जनेश्वर मिश्र पार्क में मॉन्यूमेण्टल फ्लैग लोकार्पण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने कहा कि प्रखर समाजवादी जनेश्वर मिश्र के नाम पर इस पार्क का निर्माण करवाकर प्रदेश सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किया है और इसके लिए मुख्यमंत्री बधाई के पात्र हैं। यह पार्क अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के पार्क के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज जिस मॉन्यूमेण्टल फ्लैग का लोकार्पण किया गया है, वह लोगों के मन में राष्ट्र प्रेम और गौरव की भावना जगाएगा।
पूर्व रक्षा मंत्री ने कहा कि किसी भी देश की राष्ट्रीय एवं सामाजिक एकता में उस देश के राष्ट्र ध्वज का प्रमुख स्थान होता है। यह एक ऐसा सिम्बल होता है, जिसके सम्मान के लिए देश के नागरिक हर कष्ट उठाकर अपना सब कुछ कुर्बान करने के लिए तैयार रहते हैं। हमारा तिरंगा भारत के मान और सम्मान का प्रतीक है।
सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादियों ने हमेशा ऐसे विकास कार्य किए हंै, जिनका अधिकतम लाभ लोगों को मिला है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समाजवादी सरकार ने इस क्षेत्र में एक विश्वस्तरीय पार्क विकसित करने का काम शुरू किया था, जो अब रूप ले रहा है। उन्होंने कहा कि लगभग 376 एकड़ में विकसित हो रहे इस पार्क में दुनिया के तमाम मशहूर पार्कों की तर्ज पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मॉन्यूमेण्टल राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना से विश्वस्तरीय जनेश्वर मिश्र पार्क को और अधिक शोहरत मिलेगी। इसके साथ ही, यहां आने वाले बच्चों, छात्र-छात्राओं एवं अन्य नागरिकों को अपने राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जानने और गौरव करने का मौका मिलेगा।
जनेश्वर मिश्र पार्क पर प्रकाश डालते हुए श्री यादव ने कहा कि प्रदेश की राजधानी में बड़ी आवासीय कालोनियों के बीच स्थापित हो रही इस विशाल हरित पट्टी से नागरिकों को जहां प्रदूषण से मुक्ति मिलेगी, वहीं लखनऊ ही नहीं बल्कि प्रदेश एवं देश से भी लोग इस विशाल पार्क को देखने आएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूर्व रक्षा मंत्री एवं सांसद श्री मुलायम सिंह यादव को आज उनके जन्म दिवस के मौके पर बधाई देते हुए कहा कि नेताजी ने समाजवादी मूल्यों की स्थापना के लिए सदैव संघर्ष किया और सभी का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक के रूप में नेताजी ने अपने जीवन की शुरूआत की और समाजवाद में आस्था होने के कारण इस रास्ते को चुना। उन्होंने सबको आगे बढ़ाने का काम किया। समाज के गरीबों, मजलूमों, दबे-कुचले वर्गों, अल्पसंख्यकों इत्यादि के लिए उनके मन में अपार स्नेह है। किसानों के वे परम हितैषी हैं और वे सदैव उनके उत्थान के प्रयास करते रहते हैं। उन्होंने हमेशा गरीबों को सहारा दिया।