दीवाली पर योगी ने दी बधाई: लोगों से की अपील

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रकाश पर्व दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुख-समृद्धि की कामना की है। अपने शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य एवं अधर्म पर धर्म की विजय का उत्सव है।
कहा कि दीपावली का आयोजन तब से होता आ रहा है, जब लंका विजय एवं 14 वर्ष के वनवास के बाद भगवान श्रीराम, माता सीता और अपने अनुज लक्ष्मण जी के साथ अयोध्या पहुंचे थे। उनके आगमन पर अयोध्यावासियों ने हर्षोल्लास से अमावस की काली रात को दीपकों के प्रकाश से आलोकित कर दिया। प्रकाश पर्व दीपावली उसी परम्परा को जीवन्त करता है।
राज्य सरकार मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में दीपावली के आयोजन की प्राचीन और गौरवशाली परम्परा को ‘दीपोत्सव’ के आयोजन के माध्यम से पुनप्रतिष्ठित कर, सम्पूर्ण विश्व समुदाय को अयोध्या की महिमा से परिचित कराने का कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने दीपावली के अवसर पर समस्त अनुष्ठानों में कोविड-19 के प्रोटोकॉल तथा सोशल डिस्टेसिंग का पूर्ण पालन करने की अपील की है।