देश भर में मना बकरीद का त्योहार

नई दिल्ली। देश भर में आज ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार मनाया जा रहा है। वैश्विक महामारी कोरोना को देखते हुए ज्यादातर लोगों ने घरों पर रहकर नमाज पढ़ी तो कुछ लोग मस्जिदों में भी पहुंचे। दिल्ली की जामा मस्जिद में सुबह छह बजकर पांच मिनट पर नमाज अदा की गई। फतेहपुरी मस्जिद में भी लम्बे अरसे बाद रौनक दिखाई दी। लोगों ने बच्चों के साथ वहां पहुंचकर नमाज अदा की। अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने घर पर ही नमाज अदा की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कोरोना संकट दुनिया के सामने है। बकरीद के मौके पर पूरी हिफाजत के साथ इबादत हो रही है। इस मौके पर जुनून और जज्बे की कोई कमी नहीं है। उन्होंने देशवासियों को ईल-उल-अजहा (बकरीद) की शुभकामनाएं दीं और घर पर ही रहकर सुरक्षित ढंग से त्योहार मनाने की अपील की।