नीतीश कैबिनेट में 28 चेहरे शामिल

nitish cabinate 15 nov

पटना। राजधानी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में महागठबंधन की सरकार के 28 मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उन्हें राज्यपाल रामनाथ कोविंद ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही नीतीश कुमार पांचवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बन गए। नीतीश मंत्रिमंडल में कौन चेहरे शामिल हुए हैं उसकी झलक।
1. तेजस्वी यादव (राजद) : लालू के छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने मंत्री पद की शपथ ली। वे राघोपुर से भाजपा के सतीश यादव को हराकर विधायक निर्वाचित हुए हैं।
2. तेजप्रताप यादव (राजद) : उन्होंने महुआ से भाजपा के रविंद्र राय को हराकर चुनाव जीता है।
3. अब्दुल बारी सिद्दिकी (राजद): वे राजद के अनुभवी चेहरों में शामिल हैं। वे अलीनगर से भाजपा प्रत्याशी मिश्री लाल को हराकर विधायक बने हैं। राजद के शासन काल में मंत्री भी रह चुके हैं।
4. विजेंद्र प्राद यादव (जदयू): वे सुपौल से भाजपा प्रत्याशी कृष्ण कुमार को हराकर विधायक बने हैं। वे नीतीश कुमार के भरोसेमंद चेहरों में शामिल हैं।
5. राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह (जदयू) : वे नीतीश कुमार के भरोसेमंद है। राजीव रंजन ने भी मंत्री पद की शपथ ली। वे कई मंत्रालय संभाल चुके हैं।
6. श्रवण कुमार (जदयू) : वे नीतीश के खास माने जाते हैं। नीतीश सरकार में कई मंत्रालय संभाल चुके हैं। नालंदा से भाजपा के कौशलेंद्र कुमार को पराजित कर विधायक बने हैं।
7. जयकुमार सिंह (जदयू) उन्होंने दिनारा से भाजपा के राजेंद्र प्रसाद को हराया। वे नीतीश सरकार में मंत्री रह चुके हैं और उनके खास माने जाते हैं।
8. आलोक कुमार मेहता (राजद) वे उजियारपुर से रालोसपा के कुमार अनंत को पराजित कर विधायक बने हैं। आलोक कुमार पूर्व में सांसद भी रह चुके हैं। वे लालू प्रसाद यादव के करीबी माने जाते हैं।
9. चंद्रिका राय (राजद) लालू के विश्वासी चंद्रिका राय परसा से लोजपा के छोटेलाल राय को पराजित कर विधायक बने हैं।
10. अवधेश कुमार सिंह (कांग्रेस) : वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अवधेश कुमार वजीरगंज से भाजपा के बीरेंद्र सिंह कर को पराजित कर विधायक बने हैं।
11. कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा (जदयू) : वे घोषी से हम उम्मीदवार राहुल शर्मा को 67 हजार से अधिक मतों से पराजित कर विधायक बने हैं।
12. महेश्वर हजारी (जदयू) : उन्होंने रामविलास पासवान के भतीजे व लोजपा प्रत्याशी प्रिंस राज को पराजित किया है।
13. अब्दुल जलील मस्तान (कांग्रेस) : उन्होंने अमौर सीट पर भाजपा प्रत्याशी सबा जफर को पराजित किया है।
14. रामविचार राय (राजद) : उन्होंने साहेबगंज सीट से भाजपा प्रत्याशी राजू कुमार सिंह को पराजित किया है।
15 . शिवचंद्र राम (राजद) : वे युवा राजद के बिहार अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने राजापाकड़ से लोजपा के रामनाथ रमण को पराजित किया है।
16. डॉ. मदनमोहन झा (कांग्रेस): विधान पार्षद डॉ. मदनमोहन झा को राहुल गांधी का करीबी माना जाता है।
17. शैलेश कुमार (जदयू) : वे मालपुर से लोजपा प्रत्याशी हिमांशु कुंअर को पराजित कर विधायक बने हैं।
18. कुमारी मंजू वर्मा (जदयू) : वे जदयू की इकलौती महिला मंत्री बनी हैं। चेरियाबरियारपुर से जीत दर्ज कर विधायक बनी हैं।
19. संतोष कुमार निराला (जदयू) : वे राजपुर सीट से भाजपा के विश्वनाथ राम को हराकर विधायक बने हैं। वे पूर्व विधायक श्याम प्यारी देवी के पुत्र हैं। राजपुर से पूर्व में भी विधायक रह चुके हैं।
20. डॉ. अब्दुल गफूर (राजद) : वे राजद के मुस्लिम नेताओं में प्रमुख चेहरा माने जाते हैं। वे महिषी सीट से रालोसपा के चंदन साह को पराजित कर विधायक बने हैं।
21. चंद्रशेखर (राजद) : उन्होंने मधेपुरा से भाजपा प्रत्याशी को शिकस्त दी है।
22. खुर्शीद उर्फ फिरोज अहमद (जदयू) : वे सिकटा से भाजपा के दिलीप वर्मा को हराकर विधायक बने हैं।
23. मुनेश्वर चौधरी (राजद) : वे गरखा सीट से भाजपा प्रत्याशी ज्ञानचंद मांझी को पराजित कर विधायक बने हैं।
24. मदन सहनी (जदयू) : उन्होंने गौराबौराम सीट पर लोजपा के विनोद सहनी को पराजित कर विधायक बने हैं।
25. कपिलदेव कामत (जदयू) : उन्होंने बाबूबरही सीट से लोजपा के विनोद कुमार सिंह को पराजित किया है
26. अनिता देवी (राजद) : वे राजद कोटे की इकलौती महिला मंत्री बनी हैं। नोखा से अनीता देवी ने भाजपा के कद्दावर नेता रामेश्वर चौरसिया को शिकस्त दी है।
27. विजय प्रकाश (राजद): राजद सांसद जयप्रकाश यादव के भाई विजय प्रकाश ने जमुई से भाजपा के अजय प्रताप को हराया हैं।
28. अशोक चौधरी (कांग्रेस) : विधान पार्षद अशोक चौधरी प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। इन्हें राहुल गांधी का करीबी माना जाता है।