नेताजी का जन्मदिन: हावड़ा के फूल, सितारों का जलवा और रहमान का संगीत

mulayam b day 1नेशनल डेस्क। सैफई में समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव के कल होने वाले 77वें जन्मदिन समारोह को बहुत खास बनाने की तैयारी हो चुकी है। प्रख्यात संगीतकार एआर रहमान तो कल ही नेताजी के गांव सैफई पहुंच गये हैं। आज शाम को सैफई में रहमान का कार्यक्रम है। खांटी समाजवादी मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर उनके गांव सैफई तथा घर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। इस बार आयोजन की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पास है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन 22 नवंबर की पूर्व संध्या पर आज एआर रहमान का कार्यक्रम है। इसके लिए तैयारी पूरी हो चुकी है। जन्मदिन के उपलक्ष्य में सैफई में पर्यावरण संरक्षण, जागरूकता कार्यक्रम के साथ एआर रहमान के विशेष कंसर्ट का आयोजन भी होगा। रहमान उत्तर प्रदेश में पहली बार कोई प्रस्तुति दे रहे हैं। इस कार्यक्रम की विशिष्टता का अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि तैयारियों की समीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव व सांसद धर्मेद्र यादव कल ही सैफई में आपस में विचार विमर्श करते रहे। सैफई को माला व तोरण द्वारों से सजाया गया। मुलायम सिंह यादव आज दिन में करीब 12 बजे सैफई में आएंगे। वहां पर उनकी अगवानी की जाएगी। उसके बाद सायं चार बजे अपना बाजार परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम में आज कैबिनेट मंत्री आजम खां भी रहेंगे।
संगीतकार एआर रहमान उनके साथी जावेद खान कल दोपहर चार्टर प्लेन से सैफई पहुंचे। उनके ग्रुप के करीब 200 कलाकार पहले ही पहुंच चुके हैं। इसके अलावा प्रदेश सरकार के मंत्रियों में ओम प्रकाश सिंह, बलराम यादव, राम गोविंद चौधरी, अहमद हसन, आरए उस्मानी, शैलेंद्र यादव, वसीम अहमद, सुरेंद्र सिंह पटेल, सैय्यदा सादाब फातिमा सहित करीब दो दर्जन मंत्रियों के देर शाम तक कार्यक्रम आ चुके थे।
मुलायम सिंह यादव के जन्म दिवस पर एथलेटिक्स स्टेडियम सैफई में आज शाम को होने वाले एआर रहमान के कार्यक्रम के लिए समारोह स्थल को 80 क्विंटल हावड़ा के फूलों से सजाया गया है। इस सजावट का जिम्मा संभाले बरेली के विजय सैनी ने बताया कि गेंदा, जरबेरा, ऑर्किड जैसे फूलों के साथ ग्रीन पत्तों की लड़ी से स्टेडियम सजाया गया है। इसके साथ ही गुलाब के फूलों का प्रयोग रंगोली बनाने के लिए किया गया है। विजय ने रामपुर में भी मुलायम के जन्मदिवस पर रामपुर में भी फूलों की सजावट का जिम्मा संभाला था। विजय ने बताया कि सैफई परिवार को फूलों से विशेष लगाव है। इस बार करीब 80 कुंतल फूलों का इस्तेमाल सिर्फ स्टेडियम की सजावट के लिए हो रहा है, जो कि विशेष तौर हावड़ा से मंगाए गए हैं।
ऑस्कर विजेता अल्ला रखा खान (एआर रहमान) के कार्यक्रम का स्टेज तैयार होने में 15 दिन लगे हैं। आज उनके कार्यक्रम के बाद रात में 12 बजते ही केक काटा जाएगा। इस स्टेज को तैयार करने में मुंबई के कलाकारों को 15 दिन का समय लगा। इसी के चलते इस स्टेडियम को सजाने की सबसे ज्यादा कवायद की गई। रहमान कॉन्सर्ट के स्टेज को तैयार कराने में मुख्य भूमिका निभा रहे मुंबई के निखिल ने बताया कि साउंड व लाइट सिस्टम सहित स्टेज तैयार करने में 15 दिन का समय लगा है। निखिल वही हैं जो एआर रहमान के स्टेज शोज की तैयारी करते हैं। जहां एआर रहमान प्रस्तुति देंगे वहां तीन स्टेज बनाए गए है। पहला मध्य में मुख्य स्टेज करीब 125 फीट का बना है जिसमें एआर रहमान व उनका निजी बैंड परफॉर्मेंस देंगे। इसी से सटे इसके दोनों ओर दो स्टेज बने हैं जिसमें सहकलाकर नृत्य प्रस्तुतियां देंगे। पांच नवंबर से स्टेज की तैयारी के तहत भाग लेने वाले करीब 300 कलाकारों के लिए स्टेज के पीछे ही अस्थाई चेंज रूम, रेस्ट रूम व वॉशरूम भी बनाए गए हैं। मुंबई के सांउड डॉट कॉम के हवाले कार्यक्रम का साउंड सिस्टम है। परसों रात करीब दो बजे दस महिला व दस पुरुष कलाकारों ने एआर रहमान के गीतों पर रिहर्सल के तौर पर डांस किया।