प्रधानमंत्रियों का रोड शो: मोदी और अबे होंगे एक साथ

 

अहमदाबाद। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे के अहमदाबाद में अभूतपूर्व स्वागत की तैयारी पूरी हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज स्वयं अहमदाबाद में उनकी अगवानी करेंगे और दोनों नेता करीब आठ किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। अहमदाबाद एयरपोर्ट से शुरू होने वाला यह भव्य रोड महात्मा गांधी के ऐतिहासिक साबरमती आश्रम तक चलेगा।
मोदी शहर के सरदार वल्लभभाई पटेल हवाई अड्डे पर करीब 3.30 बजे अबे की अगवानी करेंगे। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, रोड शो साबरमती रिवरफ्रंट के समांतर बनी सडक़ से भी गुजरेगा। रास्ते में 28 स्थानों पर इतने ही राज्यों के कलाकारों की झांकी भी प्रदर्शित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जापान भारत के सबसे भरोसमंद साथियों में से हैं और उनके प्रधानमंत्री के स्वागत में कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। यह रोड शो करीब एक घंटे तक चलेगा। मंगलवार को रोड शो का अभ्यास भी किया गया।
दोनो नेता शाम सवा छह बजे यहां वास्तुकला का बेजोड़ नमूना माने जाने वाले पुराने शहर स्थित सीदी सैयद की मजार पर जाएंगे और अगासिये रेस्त्रां में रात का भोजन करेंगे। इस दौरान करीब एक सौ तरह के व्यंजन परोसे जाएंगे। पत्नी के साथ आ रहे अबे रात्रि विश्राम वस्त्रापुर के हयात होटल में करेंगे। 14 सितंबर की सुबह करीब दस बजे दोनों साबरमती रेलवे स्टेशन के निकट एक समारोह में मुंबई अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद अबे मोदी के साथ गांधीनगर में दांडी कुटीर संग्रहालय देखने जाएंगे। गांधीनगर के महात्मा मंदिर में दोनों नेताओं के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की 12वीं भारत जापान वार्षिक शिखर बैठक होगी जिसमें परस्पर लाभ के कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।