प्रियंका अमेठी में लेंगी फीडबैक: वर्कर मीटिंग में बनेगी रणनीति

अमेठी, विशेष संवाददाता। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी 27 मार्च को अयोध्या, अमेठी और रायबरेली के दौरे पर आ रही हैं। 28 को वह रायबरेली जाएंगी। प्रियंका प्रयागराज से वाराणसी तक बोट यात्रा करने बाद इस बार ट्रेन से अयोध्या पहुंचेगी। प्रियंका दिल्ली से कैफियत एक्सप्रेस ट्रेन से सुबह अयोध्या पहुंचेंगी, जहां से वह सिविल लाइन्स के एक होटल में आधे घंटे विश्राम के बाद सीधे अयोध्या में हनुमानगढ़ी में दर्शन के लिए पहुंचेंगी।
इसके बाद उनका रोड शो अयोध्या से शुरू होकर अयोध्या नगर के प्रमुख मार्गों से होकर जाएगा, जो नाका मुजफ्फरा से होकर मिल्कीपुर कुमारगंज की ओर प्रस्थान करेगा। पार्टी उनके कार्यक्रम को सफल बनाने में लग गयी है। प्रियंका का रोड शो का काफिला बिड़ला धर्मशाला, टेढ़ीबाजार ,साकेत डिग्री कॉलेज,साहबगंज से होते हुए रीडगंज से चौक की तरफ मुड़ जाएगा। मुख्य बाजार चौक से प्रियंका गांधी का काफिला फतेहगंज रोड पर पहुंचेगा, जहां से यह नाका हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद सीधे मऊ शिवाला की ओर चल पडेग़ा। बीच में उनका बाजारों तथा कस्बों मे स्वागत होगा। कुमारगंज के बाद वे अमेठी लोक सभा में प्रवेश कर जाएंगी।
प्रियंका गांधी के स्वागत की बड़े पैमाने पर तैयारी की जा रही है। पूरे कार्यक्रम की कमान कांग्रेस के फैजाबाद सीट से लोकसभा प्रत्याशी निर्मल खत्री ने संभाल रखी है। बताया जा रहा है कि बैंड बाजा के साथ प्रियंका का वाहन चलेगा। रास्ते में जगह-जगह पुष्पवर्षा की व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में होर्डिग, बैनर तथा पोस्टर भी लगाए जा रहे हैं। अयोध्या के बाद प्रियंका भाई राहुल के संसदीय क्षेत्र अमेठी और मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में तैयारियों की समीक्षा करेंगी।.जानकारी के अनुसार श्रीमती गांधी अमेठी के मुसाफिरखाना स्थित एएच इंटर कालेज में सभी पांचों विधानसभा के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी और उनसे फीडबैक लेंगी। कांग्रेस नेता आशुतोष मिश्र पिंकू ने बताया कि प्रियंका जी के स्वागत की तैयारियां जोरों से चल रही हैं और इस बार राहुल गांधी को रिकार्ड मतों से विजयी बनाया जायेगा।