बस का खेल: लल्लू को मिली जेल

लखनऊ। योगी सरकार ने कांग्रेस की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। जहां एक ओर बसों को अनुमति न देने पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को बुधवार को गाडिय़ां वापस लौटानी पड़ीं, वहीं यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को लखनऊ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को अजय कुमार लल्लू को अस्थायी जेल में रखा गया था। हालांकि, अब उन्हें स्थायी जेल गोसाईंगंज भेज दिया गया है। अजय कुमार लल्लू को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इससे पहले यूपी कांग्रेस चीफ का कोरोना टेस्ट भी कराया गया था, जिसमें उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमिटी की ओर से कहा गया, पैदल चलते श्रमिकों, पैदल चलती गर्भवती स्त्रियों की पीड़ा को देखते हुए श्रमिकों को घर पहुंचाने के लिए कांग्रेस ने 1000 बसों की व्यवस्था की। इन बसों से लगभग 92,000 श्रमिक 3 दिन में अपने घर पहुंच जाते। बसें वापस लौट गईं। श्रमिक पैदल चलते रहे। भारतीय जनता पार्टी की राजनीति ने मानवता को कुचल दिया।