बिगबी और अभिषेक के बाद ऐश्वर्या भी पॉजिटिव

मुंबई। अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन के बाद अब ऐश्वर्या और आराध्या बच्चन भी कोरोना पॉजिटिव पाई गईं। बता दें कि शनिवार देर रात अमिताभ बच्चन और अभिषेक ने खुद कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की जानकारी दी थी। बताते चलें कि अभिषेक ने ट्वीट कर बताया था कि उन्होंने बीएमसी समेत सभी जरूरी अथॉरिटीज को इस बात की जानकारी दे दी है। दोनों को मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती किया गया है।
नानावती सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल के पीआरओ के मुताबिक अमिताभ बच्चन की हालत अब पहले से बेहतर है। इससे पहले अस्पताल के सूत्रों ने कहा था, अमिताभ बच्चन को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। शनिवार को रात लगभग 10 बजे उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के एक डॉक्टर ने कहा, वह स्थिर हैं, लेकिन सांस लेने में दिक्कत हो रही है। उनकी उम्र और ट्यूबरक्यूलोसिस समेत पिछली बीमारियों को देखते हुए, उनकी हालत में सुधार आने में समय लग सकता है।
अमिताभ और अभिषेक बच्चन के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद बॉलीवुड इंडस्ट्री के साथ-साथ विभिन्न नेताओं ने भी उनके जल्द ठीक होने की कामना की है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने ट्वीट कर लिखा, ‘ प्रिय अमिताभ जी, मैं आपके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना में पूरे राष्ट्र में शामिल होता हूं। आखिरकार, आप इस देश में लाखों लोगों के लिए नायक हैं, एक प्रतिष्ठित सुपरस्टार हैं।