बिहार में नीतीश लगवाएंगे जेटली की प्रतिमा

पटना। नीतीश सरकार ने पूर्व वित्त मंत्री और दिवंगत बीजेपी नेता अरुण जेटली की बिहार में प्रतिमा लगवाने का फैसला किया है। शनिवार को प्रदेश के सीएम नीतीश कुमार ने इसकी घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने यह भी ऐलान किया है कि अरुण जेटली की जन्मतिथि (28 दिसंबर) को हर साल राजकीय समारोह के तौर पर मनाया जाएगा। गौरतलब है कि बीते 24 अगस्त को पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली का एम्स में निधन हो गया था।
जेटली के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए सीएम ने इसे व्यक्तिगत क्षति बताया था। इसके बाद उन्होंने राज्य में दो दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि जेटली से उनके व्यक्तिगत संबंध थे। जेटली को सम्मानित करते हुए सीएम ने शनिवार को प्रदेश में उनकी प्रतिमा स्थापित करने का ऐलान किया। उन्होंने आगे कहा कि हर साल पूर्व वित्त मंत्री के जन्मदिवस को राजकीय समारोह के तौर पर मनाया जाएगा।