बीएस फोर का सपा में विलय: चौधरी हुए सपाई

लखनऊ। बहुजन समाज स्वाभिमान संघर्ष समिति (बीएस-फोर) का आज समाजवादी पार्टी (सपा) में विलय हो गया।समर्थकों के साथ सपा में शामिल बीएस-फोर के संस्थापक पूर्व मंत्री आरके चैधरी ने इस विलय का एलान किया। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ने वर्ष 1993 में सपा और बसपा का गठबंधन तुड़वाया था। वह एक अच्छा प्रयोग था। उस वक्त वह खुद बसपा में थे। आज वह और उनका पूरा संगठन सपा में शामिल हो रहा है। आने वाले समय में हम एकजुट होकर भाजपा को जड़ से उखाड़ फेकेंगे।’’ उन्होंने कहा कि आज देश में धर्मनिरपेक्ष ताकतें अगर साम्प्रदायिक ताकतों के खिलाफ एकजुट होंगी तो इससे देश को फायदा होगा।इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री स्वामी ओमवेश भी सपा में शामिल हो गये।सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी में शामिल हुए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि सपा में बड़ी संख्या में लोग जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम सब जमीन से जुड़े लोगों में नया विश्वास भरकर सरकार के गलत कार्यों के खिलाफ मुहिम शुरू करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि आज देश में जैसी विभाजनकारी राजनीति हो रही है, उससे मुल्क आगे नहीं बढ़ेगा। हमारे सभी नये-पुराने साथी मिलकर ऐसी सियासत को रोकेंगे।