बीजेपी के शत्रु पटना साहिब से लड़ेंगे: कांग्रेस देगी टिकट

नई दिल्ली। बीजेपी के बागी नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। कांग्रेस नेता शक्ति सिंह गोहिल ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। शत्रुघ्न सिन्हा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह जल्द की कांग्रेस में शामिल होंगे और नवरात्रों में अच्छी खबर मिलेगी।
कांग्रेस नेता शक्ति सिंह गोहिल ने ट्वीट कर बताया है कि सांसद, नेता/अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा जी आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जी से मिले।वह सच बोलते रहे हैं, खामोश नहीं रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रहित में लिये कांग्रेस पार्टी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने का निश्चय किया है। 6 अप्रैल को आधिकारिक तौर पर कांग्रेस में शामिल होंगे।
राहुल गांधी से मुलाकात से पहले शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा था कि वह बताएंगे और हमारी ओर से किसी भी तरह की देरी नहीं है। अभी सबकुछ ठीक है, कोई गड़बड़ नहीं है। पत्रकारों से बात करते हुए पटनासाहिब सीट को लेकर उन्होंने बताया कि मैं कई बार कह चुका हूं कि सिचुएशन कोई भी हो, लोकेशन वही होगी।