मजदूर हलकान: बस को लेकर घमासान

नई दिल्ली। प्रवासी मजदूरों के लिए बसों की व्यवस्था के मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा में घमासान मचा हुआ है। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर प्रवासी मजदूरों के मामले में घटिया राजनीति करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि योगी सरकार प्रवासी मजदूरों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के रास्ते में रोड़े अटका रही है। बार-बार बसों का स्थान बदला जा रहा है। पहले लखनऊ बसें मंगाई और फिर एक घंटे में नोएडा और गाजियाबाद में बसों का इंतजाम करने को कहा।
सुरजेवाला ने कहा कि योगी सरकार ने सुबह 11 बजकर 5 मिनट पर पत्र लिखकर कांग्रेस को 12 बजे तक नोएडा और गाजियाबाद में 1000 बसों का इंतजाम करने को कहा। उसमें भी कई शर्तें जोड़ दी। इससे योगी सरकार की बदनीयती और निर्दयता का पता चलता है। यूपी सरकार घटिया और सस्ती राजनीति कर रही है। लाखों प्रवासी मजदूर घर जाना चाहते हैं लेकिन योगी सरकार पंजीकरण के नाम पर उन्हें परेशान कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘आदित्यनाथ जी हमेशा कहते आए हैं कि नर सेवा ही नारायण सेवा है, तो फिर पैदल चल रहे मजदूरों, महिलाओं की पीड़ा भाजपा की यूपी सरकार को नजर क्यों नहीं आ रही है। उनकी व्यथा और बदहाली भाजपा की आदित्यनाथ सरकार को नजर क्यों नहीं आ रही है। उत्तर प्रदेश वो भूमि है जहां केवट ने भगवान को गंगा पार करवाई थी। तो क्या आज भगवान स्वरूप हमारे उन मजदूरों को यूपी शासन-प्रशासन और राजनीतिक दल बेसहारा छोड़ सकते हैं। ह