महबूबा आज लेंगी सीएम पद की शपथ

mahbuba muftiश्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में पीडीपी-भाजपा गठबंधन की सरकार एक बार फिर सोमवार को अस्तित्व में आ जाएगी। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती को राज्य की पहली महिला मुख्यमंत्री के रूप में राज्यपाल एनएन वोहरा राजभवन में अपराह्न 11.00 बजे पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। सरकार गठन से पहले महबूबा ने भाजपा विधायक दल के नेता और उपमुख्यमंत्री बनने बनने वाले निर्मल सिंह से रविवार को मंत्रीमंडल में शामिल होने वाले विधायकों के नामों पर चर्चा की।
राज्य में 8 जनवरी को तत्कालीन मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन के बाद से ही राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया था। उस समय महबूबा मुफ्ती तत्काल सरकार बनाने को तैयार नहीं थीं। इस करीब ढाई माह के अंतराल में सरकार बनाने या नहीं बनाने को लेकर पीडीपी और भाजपा में बातचीत चलती रही।
केंद्रीय मंत्री एम. वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। उपमुख्यमंत्री पद के लिए नामित निर्मल सिंह ने कहा है कि महबूबा मुफ्ती के नेतृत्व में पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार का ध्यान अच्छा प्रशासन मुहैया करवाने पर केंद्रित होगा। उन्होंने कहा कि महबूबा मुफ्ती विस्तृत सोच रखती हैं और कामयाब मुख्यमंत्री सिद्ध होंगी।