मायावती ने छह उम्मीदवार और किये घोषित

लखनऊ। बसपा सुप्रीमो मायावती के निर्देश पर सोमवार को छह प्रत्याशियों की सूची और जारी की गई। इनमें तीन दलित, एक ओबीसी, एक वैश्य और एक ठाकुर प्रत्याशी है। बसपा अब तक 17 प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। अब उसे अपने कोटे के 21 प्रत्याशियों की सूची और जारी करनी है।
बसपा ने पहली सूची 22 मार्च को 11 प्रत्याशियों की जारी की थी। दूसरी सूची इसके 10 दिन बाद जारी की गई। शाहजहांपुर सुरक्षित सीट से अमर चंद्र जौहर को प्रत्याशी बनाया गया है। बसपा 2014 में इस सीट पर दूसरे नंबर पर थी। अमर चंद्र जौहर बसपा नेता उम्मेद सिंह कश्यप के साथ उनका चुनावी कमान संभालते थे। जौहर शिक्षक हैं। मिश्रिख सुरक्षित सीट से नीलू सत्यार्थी को टिकट दिया गया है। उनके पति आरटीओ हैं और इनका अपना ट्रांसपोर्ट का काम है। नीलू 2017 में बालामऊ से विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं।
फर्रुखाबाद सीट से मनोज अग्रवाल को टिकट दिया गया है। वह विधानसभा का निर्दल चुनाव लड़ चुके हैं। उनकी पत्नी पालिका परिषद की अध्यक्ष हैं। अकबरपुर से निशा सचान को टिकट दिया गया है। वह जिला पंचायत सदस्य रह चुकी हैं। इनके पति पालिका परिषद के चेयरमैन हैं और पहले भाजपा में थे। जालौन सुरक्षित सीट से पंकज सिंह अहिरवार को टिकट दिया गया है। पंकज पूर्व विधायक हैं। हमीरपुर से दिलीप कुमार सिंह को टिकट दिया गया है। इनका खनन का काम है और बाबू सिंह कुशवाहा के करीबी माने जाते रहे हैं।
बसपा ने इन सभी छह सीटों पर नए उम्मीदवार उतारे हैं। वर्ष 2014 के चुनाव में शाहजहांपुर (सु) से उम्मेद सिंह कश्यप, मिश्रिख (सु) से अशोक रावत, फर्रुखाबाद से जयवीर सिंह को मैदान में उतारा गया था। इसी तरह अकबरपुर से अनिल शुक्ला वारासी, जालौन (सु)बृजलाल खाबड़ी और हमीरपुर से राकेश गोस्वामी को मैदान में उतारा गया था।