माया बोलीं: सपा सरकार ने दिया अराजकता को बढ़ावा

mayawati 1झांसी। बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने शनिवार को झांसी के प्रदर्शनी मैदान पर एक जनसभा को संबोधित किया। मायावती ने सपा कांग्रेस गठबंधन पर हमला बोलते हुए भाजपा और नरेंद्र मोदी की जमकर आलोचना की। मायावती ने कहा कि आरएसएस आरक्षण को खत्म करना चाहती है। मोदी सरकार के अस्तित्व में आने के बाद से देश का अल्पसंख्यक खतरा महसूस कर रहा है।
मायावती ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में अब तक किसी नेता को सीएम कैंडिडेट बनाने की हिम्मत नहीं कर सकी है। कांग्रेस पार्टी देश के अधिकांश राज्यों की सत्ता से बाहर हो चुकी है। वह अपने सिद्धांतों और नीतियों से समझौता करते हुए अराजक कही जाने वाली पार्टी से गठबंधन किया है। वर्तमान सपा सरकार ने अराजक और भ्रष्ट लोगों को बढ़ावा दिया है। प्रदेश में फिरौती, हत्या, अपहरण, भ्रष्टाचार चरम पर है। प्रदेश में असुरक्षा और आतंक का माहौल है।
मायावती ने कहा कि केंद्र में बैठे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के अंकल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दूसरे अंकल अमित शाह अपने बबुआ भतीजे को बचाते रहे हैं। बीजेपी को प्रदेश में हो रहे अपराधों पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं। समाजवादी पार्टी की सरकार ने बसपा सरकार में शुरू की गई महामाया गरीब आर्थिक मदद योजना का नाम बदलकर समाजवादी पेंशन योजना कर दिया है। उत्तर प्रदेश में काम कम अपराध ज्यादा बोलता है।
मायावती ने कहा कि भले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने को उत्तर प्रदेश का बेटा कह रहे हों लेकिन यहां कि जनता अपनी बेटी को ही वोट देगी। लोकसभा चुनाव में भाजपा ने जो वादे किये थे, उन्हें पूरा नहीं किया। हर गरीब को भी 15 से 20 लाख रुपये देने का वादा किया था लेकिन किसी के खाते में एक रुपये भी नहीं आये। किसानों का कर्ज माफ नहीं किया गया। नोट बदलने के फैसले से देश के लाखों लोग बेरोजगार हुए हैं। प्रधानमंत्री देश को बताएं कि नोटबन्दी से कितना काला धन बरामद हुआ और कितने लोगों को सजा हुई। चुनावी वायदों से ध्यान हटाने के लिये भाजपा ने नोटबन्दी का फैसला किया है। भाजपा के सत्ता में आने के बाद आरक्षण को खत्म और निष्प्रभावी करने के लिये आरएसएस पूरो कोशिश करेगी।
मायावती ने कहा कि उनकी पार्टी केंद्र सरकार पर लगातार दवाब बनायेगी कि पृथक बुन्देलखण्ड राज्य का निर्माण किया जाये। यहां के पिछड़ेपन को अलग राज्य बनाकर ही दूर किया जा सकता है।