मोदी का बंगाल नारा: सोनार बांग्ला

कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में ‘महाषष्ठी’ से दुर्गा पूजा उत्सव की शुरुआत के मौके पर ‘आत्मनिर्भर भारत’ से ‘सोनार बांग्ला’ के संकल्प को पूरा करने का आहृवान किया और कहा कि इससे राज्य की समृद्ध और संपन्न विरासत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाना है।
बृहस्पतिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से ‘‘पूजोर शुभेच्छा’’ (पूजा की शुभेच्छा) कार्यक्रम के तहत राज्य के लोगों को दिए अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तिकरण से लेकर पश्चिम बंगाल के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की विस्तार से चर्चा की और कहा कि उनकी सरकार ने पूर्वोदय का मंत्र अपनाया है और इसी के मद्देनजर पूर्वी भारत के विकास के लिए निरंतर फैसले लिए हैं।
मोदी ने मां दुर्गा का आह्वान कर महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी सरकार की कटिबद्धता को दोहराया और कहा कि ‘‘आत्मनिर्भर भारत’’ अभियान में नारी शक्ति की बहुत बड़ी भूमिका है।पश्चिम बंगाल के सबसे बड़े त्योहार दुर्गा पूजा के अवसर पर प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान राज्य की महान विभूतियों को भी याद किया और कहा कि चेतना हो या आध्यात्म, विज्ञान हो या कला और संस्कृति हर क्षेत्र में बंगाल ने देश को प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाया है।इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण राज्य के 78,000 मतदान केंद्रों में किया गया। प्रत्येक केंद्र पर 25 से अधिक कार्यकर्ताओं को इस कार्यक्रम से जुडऩे के लिए भाजपा ने व्यापक स्तर पर तैयारी की थी। राज्य में कई पूजा पंडालों में भी लोगों ने उनका भाषण सुना। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानमंत्री का स्वागत भी महिलाओं ने शंख बजाकर बंगाली परंपरा के अनुसार किया।मोदी ने बांग्ला में लोगों को शुभकामना संदेश दिया और कहा, ‘‘जब हमारा किसान, हमारा श्रमिक आत्मनिर्भर बनेगा, तभी हमारा देश आत्मनिर्भर बनेगा। आत्मनिर्भर भारत के इसी संकल्प से हमें सोनार बांग्ला के संकल्प को पूरा करना है।’’