यूपी से पुरी जायेंगे राज्यसभा: बीजेपी ने बनाया कैंडीडेट

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हरदीप सिंह पुरी को यूपी से राज्यसभा की एकमात्र सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपना प्रत्याशी घोषित किया है। यह जानकारी भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति के सचिव जेपी नड्डा की ओर से दी गई है। केंद्रीय चुनाव आयोग इस सीट पर चुनाव का कार्यक्रम पहले ही जारी कर चुका है। इस सीट के लिए नामांकन 29 दिसंबर से 5 जनवरी तक किया जा सकता है। चुनाव 16 जनवरी को कराया जाएगा। यह सीट देश के पूर्व रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर के इस्तीफे से खाली हुई थी। रक्षामंत्री का पद छोडक़र गोवा के मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद पर्रिकर ने इस सीट से इस्तीफा दिया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने पिछले कैबिनेट विस्तार में ही पुरी को मंत्री बनाया था। फिलहाल वह किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। ऐसे में छह महीने के अंदर उन्हें राज्यसभा में भेजा जाना है। प्रदेश की इस राज्यसभा सीट से वैसे तो कई दावेदार थे लेकिन पहले से ही यह माना जा रहा था कि हरदीप सिंह पुरी ही भाजपा प्रत्याशी होंगे। यह चुनाव महज औपचारिकता ही है, क्योंकि विधानसभा में भाजपा का प्रचंड बहुमत है। संभव है कि चुनाव निर्विरोध ही हो जाए।