योगी बोले: यूपी में तीन दिन चलेगा सफाई अभियान

लखनऊ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने 10, 11 व 12 जुलाई को सम्पूर्ण प्रदेश में संचालित किए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान में व्यापक स्तर पर घर-घर सर्विलांस करते हुए रैपिड एन्टीजन टेस्ट कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 तथा अन्य संचारी रोगों पर नियंत्रण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री आज यहां लोक भवन में आहूत एक उच्च स्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान वृहद स्तर पर स्वच्छता और सेनिटाइजेशन की कार्यवाही की जाए। इससे संक्रमण को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सभी प्रभारी मंत्रिगण अपने-अपने जनपदों में विशेष स्वच्छता अभियान की मॉनिटरिंग करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर विकास विभाग, ग्राम्य विकास विभाग एवं पंचायती राज विभाग सहित अन्य सम्बन्धित संस्थाओं के पूर्ण समन्वय से विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जाए। अभियान के दौरान एन्टीलार्वा रसायनों के छिडक़ाव एवं फॉगिंग की प्रभावी कार्यवाही की जाए। जल जमाव हटाया जाए। स्वच्छ पेयजल आपूर्ति के लिए प्राथमिकता पर सभी प्रबन्ध सुनिश्चित किए जाएं।
टेस्टिंग क्षमता में वृद्धि के लिए लगातार प्रयास किए जाने पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रैपिड एन्टीजन टेस्ट की संख्या में बढ़ोत्तरी की जाए। लैब टेक्निशियन की संख्या को बढ़ाया जाए। अभियान की अवधि में प्रतिदिन 15 हजार से अधिक रैपिड एन्टीजन टेस्ट के माध्यम से जांच के प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि सर्विलांस टीम तथा एम्बुलेंस सेवा के मध्य बेहतर तालमेल रहना चाहिए, ताकि आवश्यकता पडऩे पर मरीज को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भेजा जा सके। उन्होंने मेडिकल स्क्रीनिंग, सर्विलांस कार्य तथा रैपिड एन्टीजन टेस्ट की कार्यवाही को मिशन मोड पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने जनपद कानपुर नगर, झांसी एवं वाराणसी की चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए चिकित्सा विशेषज्ञों को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन जनपदों में भेजी जाने वाली विशेषज्ञ चिकित्सकों की मेडिकल टीम सम्बन्धित जिले में प्रवास कर स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने का कार्य करेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 जुलाई, 2020 की रात्रि 10 बजे 13 जुलाई, 2020 को प्रात: 05 बजे की अवधि में पुलिस द्वारा प्रभावी पेट्रोलिंग की जाए। मजिस्ट्रेट तथा पुलिस अधिकारियों द्वारा संयुक्त भ्रमण किया जाए। पुलिस टीमों तथा पी0आर0वी0 112 द्वारा गहन पेट्रोलिंग करते हुए व्यवस्था का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस दौरान शासन द्वारा निर्धारित किए गए प्राविधानों के अनुसार औद्योगिक गतिविधियां संचालित होती रहेंगी। मनरेगा सहित सभी वृहद निर्माण कार्य जैसे एक्सप्रेस-वे, बड़े पुल एवं सडक़ों आदि की निर्माण कार्यवाही यथावत जारी रहेगी। रेलवे स्टेशन तथा हवाई अड्डों पर आवागमन बना रहेगा। यह सुनिश्चित किया जाए कि यात्रियों को कोई असुविधा न हों। उन्होंने रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए बस की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।