योगी बोले: सदियों की परंपरा का किया निर्वाहन

 

अयोध्या। भव्य दिवाली मनाने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार की सुबह रामनगरी अयोध्या के प्रसिद्ध सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी में दर्शन और पूजन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी राम जन्मभूमि विवादित परिसर में रामलला का दर्शन करने के लिए पहुंचे। अपनी धार्मिक यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने अयोध्या के वरिष्ठ संतों से मुलाकात की।
पूजन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों के सवाल के जवाब में अयोध्या में दिव्य दीपावली मनाए जाने को लेकर कहा कि अयोध्या में किसी नई परंपरा की शुरुआत नहीं हुई है। यह आयोजन मैंने नहीं किया है बल्कि यह सदियों से चली आ रही परंपरा है। यह आयोजन अयोध्या के लोगों ने और अयोध्या के संतों ने मिलकर किया है।
यह एक अद्भुत क्षण है कि हजारों वर्षों को स्मृतियों को ताजा किया गया है। अयोध्या के महत्व को विश्व पर्यटन के मानचित्र पर ले जाने के लिए यह आयोजन किया गया है। विश्व पर्यटन के मानचित्र पर अयोध्या की एक स्वस्थ छवि प्रस्तुत हो यहां पर पर्यटक आ सके। यहां पर नौजवानों को रोजगार के अवसर प्रदान हो। अयोध्या का समग्र विकास हो इसलिए यह पूरा आयोजन किया गया है। यह आयोजन अपनी परंपरा और अपनी संस्कृति को सहेजने का एक प्रयास है। इसमें निरंतरता आनी चाहिए जिससे अयोध्या का विकास हो।