राजधानी में भी होगी भव्य देव दीपावली

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार राजधानी में देव दीपावली को भव्य और दिव्य बनाने की तैयारियां पूरी हो चुकी है। देव दीपावली के पावन अवसर पर सालों से होती आ रही गोमती आरती का नजारा इस बार कुछ अलग नजर आने वाला है। जहां एक ओर मिशन शक्ति अभियान को बढ़ावा देते हुए पहली बार कन्याओं के हाथों में भी गोमती आरती की जिम्मेदारी सौंपी गई है तो वहीं कोरोना काल के चलते लोगों को सावधानी बरतने का संदेश दिया जाएगा। कार्तिक पूर्णिमा पर सोमवार को दीपमालाओं से मनकामेश्वर उपवन घाट को इस बार ढाई लाख दीपों से सजाया जाएगा। गोमती किनारे आस्था के संचार से पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आएगा। मनकामेश्वर मठ-मंदिर और नमोस्तुते मां गोमती संस्थान की ओर से देव दीपावली के अवसर पर गोमती आरती के बाद कार्यक्रम की शुरुआत महादेव की वंदना से होगी।