राज ठाकरे की हुंकार: मोदी मुक्त हो भारत

मुंबई। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने मोदी सरकार पर करारा हमला बोलते हुए विपक्षी दलों की एकता पर जोर दिया और 2019 तक मोदी मुक्त भारत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने मध्य मुंबई के शिवाजी पार्क में एक रैली में पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, देश नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार के झूठे वादों से ऊब चुका है। ठाकरे ने कहा कि मोदी मुक्त भारत बनाने के लिए भाजपा नेतृत्व वाली राजग सरकार को चलता करने की खातिर सभी विपक्षी दलों को एक साथ आना चाहिए। उनका मोदी मुक्त भारत का नारा भाजपा के कांग्रेस मुक्त भारत के नारे की याद दिलाता है।मनसे प्रमुख ने कहा, भारत को पहली बार आजादी 1947 में, दूसरी बार 1977 में (आपातकाल के बाद) मिली और 2019 में भारत के मोदी मुक्त बनने पर उसे तीसरी बार आजादी मिल सकती है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को सत्ता से बाहर करने के बाद अगर नोटबंदी को लेकर जांच के आदेश दिए गए तो यह 1947 के बाद से देश में हुए अब तक के सबसे बड़े घोटाले के रूप में सामने आ सकता है।