राहुल का वार: सच का सामना करने से डरते हैं भागवत

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दशहरे के मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत द्वारा चीन पर दिए गए बयान को लेकर प्रतिक्रिया दी है। राहुल गांधी ने कहा है कि मोहन भागवत सच जानते हैं, लेकिन सामना करने से डरते हैं। आरएसएस प्रमुख भागवत ने वार्षिक दशहरा रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पूरी दुनिया के सामने पता है कैसे चीन सीमाओं का अतिक्रमण कर रहा है। उस देश (चीन) की विस्तारवादी प्रकृति से पूरी दुनिया अवगत है। इस बार वह ताइवान, वियतनाम, अमेरिका, जापान और भारत के साथ लड़ रहा है। लेकिन भारत की प्रतिक्रिया ने चीन को परेशान कर दिया है। संघ प्रमुख मोहन भागवत के बयान को न्यूज एजेंसी एएनआई ने ट्वीट किया। इस ट्वीट का स्क्रीनशॉट ट्विटर पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लिखा अंदर से मोहन भागवत सच जानते हैं। वह सिर्फ उसका सामना करने से डरते हैं। सच्चाई यह है कि चीन ने हमारी जमीन ले ली है और भारत सरकार एवं आरएसएस ने इसकी अनुमति भी दे दी है।
उल्लेखनीय है कि पूर्वी लद्दाख में अप्रैल महीने से भारत-चीन के बीच सीमा विवाद जारी है। दोनों देशों की सेनाएं वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर तैनात हैं। जून महीने में दोनों सेनाएं गलवान घाटी में आमने-सामने की स्थिति में आ गई थीं, जिसके बाद भारत के 20 जवान शहीद हो गए थे। वहीं, अगस्त महीने में भी चीन ने घुसपैठ की कोशिश की थी, जोकि नाकाम रही थी।