राहुल ने जारी किया असफल लॉकडाउन का ग्राफ

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने फिर से देशव्यापी लॉकडाउन को कोरोना संकट से निपटने में पूरी तरह असफल बताया है। उन्होंने चार देशों के साथ भारत की तुलना करते हुए साबित करने की कोशिश की है कि लॉकडाउन से देश में कोरोना संकट कम नहीं किया जा सका है। उन्होंने स्पेन, जर्मनी, इटली और यूके के साथ भारत में लॉकडाउन की घोषणा और उसके बाद की स्थिति का ग्राफ ट्वीट किया। उन्होंने ट्वीट के साथ लिखा, असफल लॉकडाउन ऐसा दिखता है। ंराहुल ने जो ग्राफ ट्वीट किया है, उसके मुताबिक स्पेन, जर्मनी, इटली और यूके में लॉकडाउन के बाद कोविड-19 मरीजों की संख्या में कमी आई, तब जाकर इन देशों ने लॉकडाउन उठाया। इसके उलट, भारत में लॉकडाउन के बाद मरीजों की संख्या बढ़ती ही गई। बावजूद इसके देश में लॉकडाउन उठाया जा रहा है। ग्राफ के मुताबिक, स्पेन में 14 मार्च को लॉकडाउन लागू किया गया और 28 अप्रैल को लॉकडाउन उठा लिया गया। इस बीच वहां कोरोना का ग्राफ पीक पर पहुंचकर फिर नीचे आ चुका था। इसी तरह, जर्मनी ने 17 मार्च को लॉकडाउन घोषित किया और 22 अप्रैल को हटा लिया। तब तक वहां कोरोना का ग्राफ ऊपर चढक़र नीचे आ गया था। इटली में भी कमोबेश यही स्थिति रही। वहां 8 मार्च को लॉकडाउन लागू किया गया और 16 अप्रैल को हटा लिया गया। तब तक वहां कोविड-19 मरीजों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। वहीं, यूके ने अपने यहां 22 मार्च को लॉकडाउन लगाया और 12 मई को हटा लिया। तब से वहां कोरोना पॉजिटिवक केस में लगातार गिरावट आ रही है।