रिकार्ड तोड़ गर्मी ने झुलसाया उत्तर भारत

नई दिल्ली। कोरोना वायरस के बीच गर्मी ने भी तेवर दिखाने शुरू कर दिया है। देश के अलग-अलग राज्यों में पारा 45 के पार रहा लेकिन राज्स्थान के चूरू में तो 50 डिग्री सेल्सियस तक पारा चला गया। इस दौरान भयंकर गर्म हवाएं भी चल रही हैं। देश के उत्तर, पश्चिमी, मध्य और पेनिनसुला के अधिकतर भागों में भीषण गर्मी लोग प्रभावित हैं।आईएमडी के वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि अगले 2 दिन हरियाणा, पश्चिम, विदर्भ और राजस्थान को रेड अलर्ट दिया गया है। आगामी 2 दिनों के बाद पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में हल्की गिरावट होगी। पंजाब में पटियाला सबसे अधिक गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक है। अमृतसर और लुधियाना में भी सामान्य से अधिक तापमान रहा। यहां अधिकतम तापमान क्रमश: 42.8 और 43.1 डिग्री दर्ज किया गया। हरियाणा और पंजाब की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में भी तपिश महसूस की गई और यहां दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक है। हरियाणा के हिसार में सामान्य से 4 डिग्री अधिक 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. जबकि भिवानी में 43.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. करनाल में भी 43 डिग्री तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक है. उत्तर प्रदेश में गर्मी लगातार अपने तीखे तेवर दिखा रही है। तेज धूप, तपन और लू के थपेड़ों से जनजीवन बेहाल है। सोमवार को प्रदेश के सबसे गरम स्थान प्रयागराज और बांदा रहे जहां पारा 47 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। सोमवार को लखनऊ व आसपास तेज धूप के साथ तपन और लू का प्रकोप जारी रहा। यहां दिन का तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वाराणसी, उरई, झांसी व आगरा में 46, कानपुर, लखीमपुर खीरी, सुल्तानपुर, फुर्सतगंज और अलीगढ़ में 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।