विधानसभा में विपक्ष का हंगामा: बजट होगा पेश

लखनऊ। विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो गया है। बजट 18 फरवरी को पेश किया जाना है। इस बार बजट का आकार करीब पांच से सवा पांच लाख करोड़ रुपये के करीब होने का अनुमान है।
बजट सत्र शुरू होते ही विधानसभा परिसर में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के भाषण के दौरान विपक्ष ने सीएए-एनआरसी और कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों पर जोरदार प्रदर्शन किया। राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में कहा कि उनकी सरकार राम राज्य की परिकल्पना को साकार करने के लिए प्रदेश के सर्वांगीण विकास करने के लिये संकल्पित है। इसके बाद विपक्ष के नेताओं ने पलटवार करना शुरू कर दिया।
सपा विधानमण्डल दल के नेता राम गोविंद चौधरी ने कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण झूठ का पुलिंदा था। प्रदेश में प्रतिदिन महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है, कानून व्यवस्था ठप है। सीएए देश विरोधी है, महिलाएं शांति से प्रदर्शन और धरना दे रही हैं और सरकार उनका उत्पीडऩ कर रही है। राज्यपाल महिला हैं और वह महिलाओं की ही नहीं सुनती। प्रदेश में महिलाओं पर लाठीचार्ज हो रहा है। इस सरकार को बर्खास्त करना चाहिए।