सैफई में फिर मनेगी दीपावली, जमीं पर उतरेंगे सितारे

mulayam b day 1

सुशील सिंह,
लखनऊ। सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के 76वें जन्मदिन पर 22 नवम्बर को उनके गृहनगर सैफई में एक बार फिर से दीपावली जैसा पर्व मनाया जायेगा। यादव के जन्मदिन पर सैफई में भव्य समारोह की तैयारियां चरम पर है। इस दिन सिर्फ मुलायम का घर ही नहीं, बल्कि पूरा सैफई रोशनी से जगमगाएगा। लोग अपने घरों में मोमबत्तियां और झालर लगाकर खुशियां मनाएंगे। सपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे 20, 21 और 22 नवंबर को अपने घर को रोशनी से भर दें। इस कार्यक्रम में राजनीति, उद्योग जगत और बॉलीवुड की कई नामचीन हस्तियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष और करीबी रिश्तेदार लालू प्रसाद यादव सपरिवार जन्मदिन समारोह में हिस्सा लेंगे। मालूम हो कि मुलायम के 75वें जन्मदिन पर आयोजित भव्य समारोह एक साल बाद भी रामपुर के बाशिंदों के जहन में बसा हुआ है। इस अवसर पर सपा के कद्दावर नेता आजम खान द्वारा विशेष तौर पर लंदन से मंगायी गयी शाही बग्घी में सपा मुखिया ने सवारी की थी। यह शाही बग्घी आज भी रामपुर में खड़ी है। खान ने हाल ही में यादव के प्रति सम्मान का इजहार करते हुये कहा था, वह बहुत बड़े नेता है और हमारे आदरणीय हैं। वह अपना जन्मदिन कहीं भी मनाये, मै उन्हें बधाई देने जरूर जाऊंगा। सैफई महोत्सव के कार्यकारी प्रबंधक वेदव्रत गुप्ता ने कहा कि हम लोगों का सौभाग्य है जो नेता जी का जन्मदिन सैफई में मनाया जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस समारोह के दौरान पूरे क्षेत्र में दीपावली जैसा माहौल रहेगा। गुप्ता ने बताया कि मुलायम सिंह के लिए बनाए जा रहे पंडाल को थीम आधारित बनाया जा रहा है। मंच पर्यावरण संरक्षण की थीम पर आधारित होगा। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा जिससे प्रदेश और देश का भी भला होगा। रहमान के संगीत का जादू होगा उन्होंने कहा कि मुख्य समारोह स्थल एथलेटिक्स स्टेडियम में एक लाख लोगों के बैठने का इंतजाम किया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल को भव्य पूर्ण तरीके से सजाया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी लिए कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि सैफई को पूरी तरह से जन्मदिन समारोह के हिसाब से तैयार करने में उनकी टीम अभी से जुट गई है। उत्तर प्रदेश प्रधान संघ के अध्यक्ष चंदगीराम कहना है कि नेता जी के जन्मदिन को लेकर बड़े से लेकर छोटे तक के कार्यकर्ताओं में भी काफी जोश है। सभी जन्मदिन की तैयारियों में लगे हुए हैं। सैफई के जिस एथलेटिक स्टेडियम में जन्मदिन का कार्यक्रम होना है, उसे सपा के रंग में रंगा जाने लगा है। वहां पंडाल और कनात लगाने की तैयारियां भी शुरू हो गई है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि समारोह में आने वाले मेहमानों के मनोरंजन के लिए मशहूर संगीतकार ए.आर. रहमान अपने 300 सदस्यीय दल के साथ संगीत का जादू बिखेरेंगे। उनकी टीम के मैनेजर पिछले दिनों सैफई आकर कार्यक्रम स्थल का जायजा ले चुके हैं। अमिताभ, सलमान, रितिक भी होंगे शामिल इस समारोह में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन, सलमान खान, रितिक रोशन सहित कई नामचीन फिल्मी और रंगमंच की जानी-मानी हस्तियों के शिरकत कर सकती हैं। सपा मुखिया के जन्मदिन समारोह में राजनीति, उद्योग जगत और बॉलीवुड से हजारों की संख्या में वीवीआईपी और वीआईपी लोगों के आने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए एथलेटिक्स स्टेडियम में तैयारियां शुरू कर दी गई है। यादव के जन्मदिन पर जुटने वाली भीड़ को देखते हुए इटावा के पुलिस अधिकारी भी सुरक्षा का खाका तैयार करने में लग गए हैं। सैफई के क्षेत्राधिकारी कुमार दीक्षित ने बताया कि सपा सुप्रीमो के जन्मदिन को इस बार सैफई में मनाए जाने की जानकारी उनके परिवार की ओर से प्रशासन को दी गई है। मुलायम सिंह का जन्मदिन वैसे तो 22 नवंबर को है, लेकिन 21 की शाम 7 बजे से सैफई में जश्न शुरू हो जाएगा। रात 12 बजे मुलायम केक काटेंगे। हालांकि, सैफई में अभी से ही जन्मदिन के जश्न का माहौल है। पूरे सैफई को जहां दावत में आमंत्रित किया गया है, जन्मदिन के पोस्टर लगाए जा रहे हैं।