सोनिया ने बोला हमला: आरएसएस के पास सरकार का रिमोट

Sonia_Gandhiनई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोला। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने आरएसएस को भी निशाना बनाया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि अगर नेहरू जी चाहते तो पूरी जिंदगी आराम में गुजार सकते थे लेकिन उन्होंने अपना जीवन स्वतंत्रता की लड़ाई के लिए बलिदान कर दिया। जो लोग आज नेहरू जी की छवि को खराब करने में लगे हैं ये वो लोग हैं जो स्वतंत्रता संग्राम से बचते हुए अपने घरों में छुप गए थे। यह लोग सिर्फ अपने घरों में ही नहीं छुपे बल्कि उन्होंने ब्रिटिश राज की भी तारीफ की थी।
उन्होंने आगे कहा कि आज हमें वो अच्छे दिन याद आते हैं जब नेहरू जी पीएम थे और हर व्यक्ति अपने मन की बात कर सकता था। नेहरू जी के लिए देश के विकास का मतलब था हर व्यक्ति का विकास, आज कुछ लोगों ने विकास का मतलब ही बदल दिया है। उन्होंने आरएसएस पर भी इशारों में निशाना साधते हुए कहा कि दो संगठनों ने भारत छोड़ो आंदोलन का विरोध किया था उनमें से एक ने पाकिस्तान बनाया और दूसरे के हाथ में सरकार का रिमोट कंट्रोल है। जिन लोगों ने धर्मनिरपेक्षता का विरोध किया वो केवल नेहरू नहीं बल्कि गांधी जी के भी विरोधी थे। देश के वर्तमान हालातों को लेकर सोनिया गांधी ने कहा कि प्रबुद्धजन अवॉर्ड लौटा रहे हैं और उन्हें पाकिस्तान जाने के लिए कहा जा रहा है। सरकार उन्हें देश में सुरक्षा तक नहीं दे सकती। सच्चा लोकतंत्र वो है जिसमें लोगों को सोचने के साथ ही उनके धर्म को मानने और अपने विचार व्यक्त करने की आजादी हो।
इससे पहले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी प्रधानमंत्री पर हमला बोला और कहा कि आज सुबह में नेहरू जी की समाधी पर गया था। मैंने वहां श्रद्धांजली देने के साथ कुछ वक्त बिताया। वहां कुछ बच्चे गाना गा रहे थे। मैंने उनमें सिख, मुस्लिम और दलित की आवाज पहचानने की कोशिश की लेकिन असफल रहा। वहां मुझे लगा कि यह कांग्रेस पार्टी की तरह है जहां हमारी एक ही आवाज है। धर्म और जाति के आधार पर कोई अलग नहीं है।
उन्होंने आरएसएस को निशाना बनाते हुए कहा कि आरएसएस और हममें यह अंतर है कि हम सभी को शांति देना चाहते हैं और वो लोग सभी को एक लाइन पर चलाना चाहते हैं। वो लोग एक गाने को एक आवाज में चाहते हैं और हम विविधता पसंद करते हैं। सोचिये आपको केवल एक पीला रंग दे दिया जाए और हर जगह उसी से कलर करने को कहा जाए, यह आरएसएस है। कांग्रेस अनेकता में एकता के लिए खड़ी है।