हाथरस कांड: प्रियंका ने वाल्मीकि मंदिर में की प्रार्थना सभा

नई दिल्ली। हाथरस गैंगरेप की घटना अब सियासी रंग लेती जा रही है। हाथरस में दलित लडक़ी से हैवानियत के बाद मौत और उस पर राज्य सरकार के रवैये का मामला तूल पकड़ता जा रहा है और सभी विपक्षी दल इस घटना को लेकर योगी सरकार पर लगातार हमलावर हैं। इसी को लेकर आज कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप) और भीम आर्मी ने योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
कांग्रेस जहां हाथरस की घटना के मद्देनजर आज दिल्ली के वाल्मीकि मंदिर में दिल्ली कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रार्थना सभा आयोजित कर रही है, जिसमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा भीम आर्मी ने भी आज शाम 5 बजे हाथरस की बेटी के लिए इंडिया गेट पर आकर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।