हार्दिक की हुंकार: कांग्रेस के लिए करेंगे प्रचार

 

अहमदाबाद। पाटीदार आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल ने सोमवार को कहा कि वह गुजरात में भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस का समर्थन करेंगे। वह राहुल गांधी से 1 से 3 नवंबर के बीच मिल सकते हैं। उत्तरी गुजरात के मंडल में एक रैली को संबोधित करते हुए पटेल ने कहा, ‘लेकिन धीरज रखें, तुरंत कांग्रेस को समर्थन नहीं दें।’ पटेल यहां दो घंटे देरी से पहुंचे। उन्होंने स्वीकार किया कि वह अहमदाबाद के उस आलीशान होटल में उस वक्त मौजूद थे, जब कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी वहां ठहरे थे। लेकिन वह गांधी से नहीं मिले और इस बारे में अटकलें चलती रहीं।
पटेल पाटीदार समुदाय के हालिया ज्वलंत आरक्षण आंदोलन के नेता रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से मुलाकात की बात तय थी जिसमें एक रोड शो और उत्तर गुजरात में संयुक्त जनसभा भी शामिल है। 24 वर्षीय नेता ने कहा कि कांग्रेस से निमंत्रण मिलने के बाद वह उम्मेद होटल में गए। वहां कांग्रेस के गुजरात प्रभारी अशोक गहलोत से मिला। हालांकि काफी देर हो गई। मैंने होटल में ठहरने की योजना बनाई लेकिन भाजपा वालों ने सीसीटीवी कैमरे का क्लिप लीक कर दिया। क्योंकि यहां हर चीज उन्हीं की संपत्ति है। उन्होंने कहा, मैं यहां देर से पहुंचने का कारण बता सकता हूं। मैँ यहां मीडिया के कारण नहीं आ पाया। मैं राहुल से नहीं मिला नहीं तो मीडिया इसे कुछ और उड़ा देता। हालांकि मैं मोदी की तरह आधी रात को कोई नवाज शरीफ से नहीं मिलने जा रहा था। कांग्रेस के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी ने कहा कि पटेल की राहुल से मुलाकात 1 से 3 नंवबर के बीच हो सकती है। उस समय राहुल नवसृजन यात्रा के लिए यहां होंगे। गहलोत ने भी कई ट्वीट कर सीसीटीवी कैमरा लीक करने पर भाजपा को आड़े हाथों लिया है।