हिमाचल के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की घोषणा

 

 

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश का चुनावी बिगुल बजने के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। बीजेपी द्वारा पार्टी उम्मीदवारों का ऐलान करने के बाद अब कांग्रेस ने भी अपने कैंडिटेड्स की घोषणा कर दी है। हिमाचल प्रदेश चुनाव के लिए कांग्रेस ने 59 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अरकी विधानसभा सीट से और प्रदेश कांग्रेस प्रमुख सुखविंदर सिंह सुक्खू नादौन सीट से चुनाव लड़ेंगे।
कांग्रेस की केन्द्रीय चुनाव समिति के अध्यक्ष आस्कर फर्नाडिज ने आज यह सूची जारी की। इसके तहत वीरभद्र सिंह को राज्य में सोलन जिले की अरकी सीट से टिकट दिया गया है। वर्तमान में वह शिमला ग्रामीण क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू को नादौन से टिकट दिया गया है। प्रदेश की एक अन्य प्रमुख नेता आशा कुमारी को डलहौजी से उतारा गया है। पार्टी ने विप्लव ठाकुर को देहरा से टिकट दिया है।बता दें कि निवर्तमान मुख्यमंत्री सिंह और पीसीसी प्रमुख सुक्खू के बीच काफी समय से मतभेद चल रहे थे। पार्टी सूत्रों के अनुसार चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची तैयार करने में विलंब का एक कारण यह भी था। पहले सुक्खू को पार्टी की राज्य प्रचार समिति का प्रमुख बनाया गया था। लेकिन बाद में सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। राज्य विधानसभा की 68 सीटों के लिए नौ नवंबर को चुनाव होने हैं। चुनाव के लिए नामांकन भरने की तारीख 16 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक है और नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 26 अक्टूबर है। वोटों की गिनती 18 दिसंबर को होगी। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल सात जनवरी 2018 को समाप्त हो रहा है।