2022 तक किसानों की उपज दोगुनी- राजनाथ सिंह

लखनऊ। केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लघु एवं सीमान्त किसानों के लिए फसली ऋण माफी योजना लागू करके किसानों को लाभान्वित किया है। यह कार्य उन्होंने 100 दिन के अन्दर किया, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। प्रदेश के छोटे किसानों के लिए उत्सव का दिन है। यह एक करिश्माई काम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा अब तक किसानों के हित में कई काम किये जा चुके हैं, जिनमें गेहूं खरीद, आलू खरीद इत्यादि शामिल हैं।
सिंह ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य हर हाल में मिलना चाहिए। केन्द्र सरकार द्वारा 2022 तक किसानों की उपज दोगुनी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसे किसानों की खेती में लगने वाली लागत को कम करके हासिल किया जा सकता है, जिसके लिए मोदी सरकार ने खाद की कीमत में कमी की है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से आज बड़ी संख्या में किसान लाभान्वित हो रहे हैं। कम प्रीमियम देकर अधिक बीमा हो रहा है। सभी प्रमुख मडिंयॉं इण्टरनेट से जोड़ी गयी हैं और किसान अपनी फसल प्रदेश की किस मण्डी में बेचना चाहता है, इसकी सूचना उसे इण्टरनेट के माध्यम से मिल रही है। अभी हमें किसानों की प्रति हेक्टेयर उपज बढ़ाने की दिशा में काम करना है। किसान व गरीब को खुशहाल बनाकर ही नये भारत का निर्माण सम्भव। उन्होंने किसानों को ऑर्गेनिक फार्मिंग और ड्रिप सिंचाई अपनाने का सुझाव दिया। केन्द्र सरकार राज्य मंे फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने में प्रदेश सरकार की मदद करेगी।
—–