देश के अन्य राज्यों के मुकाबले यूपी में सबसे ज्यादा आईपीएस हैं कम

ips logo
नयी दिल्ली। देश भर में सबसे ज्यादा आईपीएस के पद यूपी में खाली हैं। उत्तरप्रदेश में मंजूर कुल 517 पदों में से 129 पद रिक्त हैं। हाल ही में आयी एक रिर्पोट में इसका खुलासा हुआ है। देश में आईपीएस अधिकारियों के 900 से भी ज्यादा पद रिक्त पड़े हैं। गृह मंत्रालय द्वारा जुटाए गए आंकड़ों के अनुसार मंजूर किए गए कुल 4,754 पदों में से आईपीएस अधिकारियों के कुल 906 पद एक जनवरी 2015 को रिक्त थे। देश में कुल 3,848 पदों पर आईपीएस अधिकारी तैनात हैं। इसके अलावा, आईपीएस के वर्ष 2014 के बैच के 145 प्रोबेशनर भी हैं। उत्तरप्रदेश में मंजूर कुल 517 पदों में से 129 पद रिक्त हैं। पश्चिम बंगाल में भी 98 पद रिक्त हैं। वहां आईपीएस अधिकारियों के लिए मंजूर पदों की संख्या 347 है। ओडिशा में आईपीएस अधिकारियों के लिए मंजूर पदों की संख्या 188 है और इनमें से 79 पद रिक्त हैं। महाराष्ट्र में आईपीएस अधिकारियों के 302 पदों में से 62 पद रिक्त हैं। कर्नाटक में मंजूर कुल 205 पदों में से 59 पद रिक्त हैं। केंद्रशासित प्रदेश कैडर में आईपीएस अधिकारियों के कुल मंजूर पदों की संख्या 295 है और इस कैडर में रिक्त पदों की संख्या 53 है। भारत में एक जनवरी 2014 को पुलिस एवं जनसंख्या के बीच का अनुपात प्रति लाख व्यक्तियों की जनसंख्या पर 139.76 पुलिसकर्मियों का था।